होमफोटोलाइफ़फूड

महज 20 रुपये में भर जाता है पेट, लेकिन नहीं भरता मन! जानिए क्यों मशहूर हैं

Last Updated:

उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर में एक ऐसी दुकान है, जहां शाम ढलते ही कचालू प्रेमियों की भीड़ उमड़ पड़ती है. इमरती रोड पर लगने वाली बबलू की दुकान अपने खास हींग वाले कचालू और सीक्रेट मसाले के लिए मशहूर है. मात्र 20 रुपये में मिलने वाला यह चटपटा स्वाद आज जिले की पहचान बन चुका है.

मिर्जापुर: उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जिले में अगर चटपटे स्वाद की बात हो और बबलू के कचालू का जिक्र न आए, ऐसा हो ही नहीं सकता. यहां के इमरती रोड पर पिछले 10 सालों से लगने वाली बबलू की दुकान का स्वाद आज हर जुबान पर चढ़कर बोल रहा है. वह खास तौर पर ‘हींग के कचालू’ तैयार करते हैं, जिसमें पुदीने और हरी धनिया की चटनी स्वाद को कई गुना बढ़ा देती है. यही वजह है कि जैसे ही शाम को इनकी दुकान सजती है, कचालू के दीवानों की भारी भीड़ लग जाती है और दुकान बंद होने तक यहां ग्राहकों की लंबी लाइन लगी रहती है.

कचालू बेचने वाले दुकानदार बबलू ने अपने इस अनोखे स्वाद का राज साझा करते हुए बताया कि वह इसमें किसी बाहरी या मिलावटी चीज का इस्तेमाल नहीं करते. वह बाजार से खड़े मसाले खरीदकर लाते हैं और फिर घर पर ही देसी तरीके से अपना एक खास ‘सीक्रेट मसाला’ तैयार करते हैं. इसी मसाले और ताजी धनिया-पुदीने की चटनी का अनोखा कॉम्बिनेशन कचालू के स्वाद को लाजवाब बना देता है. लंबे समय से एक ही जगह दुकान लगाने के कारण अब दूर-दूर से लोग इस देसी जायके का आनंद लेने के लिए खिंचे चले आते हैं.

दुकान पर कचालू का स्वाद ले रहे स्थानीय ग्राहक अजय कुमार गुप्ता ने बताया कि इस महंगाई के जमाने में भी यहां कचालू का दाम बेहद कम है. मात्र 20 रुपये में एक पत्ता यानी दोना कचालू मिलता है.

Add News18 as
Preferred Source on Google

उन्होंने कहा, “हम लोग इसे खाने के लिए काफी दूर से आते हैं. इसे चाहे जितना भी खा लो, पेट जरूर भर जाता है लेकिन मन कभी नहीं भरता. इसके स्वाद में एक अलग ही जादू है, जो भी इसे एक बार खाएगा, वह यहां बार-बार आने को मजबूर हो जाएगा.”

वहीं, अन्य ग्राहक रमेश ने बताया कि यहां मिलने वाली पुदीने और धनिया की स्पेशल चटनी ही कचालू की असली जान है. कचालू के साथ इस तीखी चटनी का मेल ऐसा बैठता है कि खाने के बाद हर कोई तारीफ किए बिना नहीं रह पाता.

पिछले कई सालों से इस दुकान पर आ रहे लोगों का मानना है कि अगर आप मिर्जापुर में हैं या यहां घूमने आ रहे हैं, तो इमरती रोड पर आकर बबलू के इन चटपटे कचालू का स्वाद एक बार जरूर चखना चाहिए.

न्यूज़18 को गूगल पर अपने पसंदीदा समाचार स्रोत के रूप में जोड़ने के लिए यहां क्लिक करें।



Source link

Write A Comment