महाराष्ट्र की राजनीति से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है। यहां NCP शरद पवार गुट के सभी 8 सांसद सोमवार, 10 अगस्त को दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात करेंगे। सांसदों की मुलाकात के लिए प्रधानमंत्री से समय मांगा गया है। पार्टी की लोकसभा ग्रुप लीडर सुप्रिया सुले ने इसे आधिकारिक बैठक बताया है। फिलहाल शरद पवार गुट के सांसदों की पीएम मोदी से होने वाली मुलाकात को लेकर तमाम तरह की अटकलें भी लगाई जा रही हैं। हालांकि इन अटकलों की अभी तक कोई पुष्टि नहीं हो सकी है। 

परिसीमन बिल को लेकर हो रही बैठक

हालांकि, परिसीमन बिल समेत सरकार के अन्य महत्वपूर्ण विधेयकों को लेकर चल रही चर्चाओं के बीच इस मुलाकात को अहम माना जा रहा है। पहले से ही कयास लगाए जा रहे हैं कि NCP शरद पवार गुट परिसीमन बिल का प्रत्यक्ष या परोक्ष रूप से समर्थन कर सकता है। इसके अलावा, भविष्य में NCP शरद पवार गुट के NDA के साथ किसी तरह के राजनीतिक समीकरण को लेकर भी चर्चा की अटकलें हैं। हालांकि, सुप्रिया सुले ने इन संभावनाओं की कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। उनका कहना है कि बैठक मुख्य रूप से सांसदों के कार्यक्षेत्र और उनके निर्वाचन क्षेत्रों से जुड़े मुद्दों पर चर्चा के लिए है।

डीलिमिटेशन बिल पर पवार की पार्टी का रुख

सूत्रों के हवाले से जानकारी सामने आई है कि डीलिमिटेशन संशोधन विधेयक में देश में 50 प्रतिशत सीटें बढ़ाने का फैसला होने पर शरद पवार की पार्टी बिल को समर्थन देगी। अमित शाह के साथ हुई सर्वदलीय बैठक में शाह द्वारा इस प्रकार का प्रस्ताव लाने पर चर्चा हुई थी। इस चर्चा में सिर्फ राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरद चंद्र पवार) पार्टी ने ही नहीं, बल्कि उद्धव बालासाहेब ठाकरे की शिवसेना, कांग्रेस और डीएमके ने भी सहमति जताई है।

इससे पहले, उद्धव ठाकरे की शिवसेना-यूबीटी में टूट देखने को मिली थी। अब शरद पवार की एनसीपी-एसपी में टूट की खबरें सुर्खियों में बनी हुई हैं। हाल ही में उद्धव ठाकरे की पार्टी के 6 सांसद एकनाथ शिंदे के गुट में शामिल हो गए थे। इसके बाद अब शरद पवार की पार्टी के विधायक और सांसद के भी पाला बदलने चर्चाएं भी हो रही हैं।

यह भी पढ़ें-

पूरा वंदे मातरम् गाए जाने से पिनाराई विजयन को दिक्कत, बोले- तुरंत वापस लो फैसला





Source link

Write A Comment