मुंबईः महाराष्ट्र के चार जिलों में अगले दो दिनों तक मूसलाधार बारिश हो सकती है। मौसम वैज्ञानिक प्रवीण कुमार के अनुसार, गोंदिया, भंडारा, चंद्रपुर और गढ़चिरौली जिले में भारी बारिश के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। पूर्वी विदर्भ के इलाकों में आगामी 24 से 48 घंटे के बीच 100 MM के आसपास बारिश की संभावना है।
मौसम विभाग के अनुसार, पूर्वी विदर्भ में भारी बारिश की संभावना बन रही है। मौसम विभाग के वैज्ञानिक प्रवीण कुमार ने कहा कि वर्धा और नागपुर में भी अच्छे बारिश की संभावना है। पश्चिम विदर्भ के इलाकों में भी अच्छी संभावना बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने कहा है कि ऑरेंज अलर्ट के दौरान बुधवार सुबह तक मुंबई, ठाणे और रायगढ़ में बारिश से परेशानी बनी रह सकती है।
प्रदेश के इन जगहों पर भी बारिश की संभावना
वहीं, पालघर, ठाणे, मुंबई, रायगढ़ पुणे और सतारा के घाट इलाकों में भी भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा, नासिक और कोल्हापुर के साथ-साथ रत्नागिरी ज़िले में भी भारी बारिश के लिए ‘येलो अलर्ट’ जारी किया गया है। जलगांव (उत्तर-मध्य महाराष्ट्र) और विदर्भ के ज़िलों बुलढाणा, वाशिम, अकोला, अमरावती, यवतमाल, वर्धा और नागपुर के कुछ इलाकों में भी बिजली कड़कने के साथ आंधी-तूफान की चेतावनी देते हुए ‘येलो अलर्ट’ जारी किया गया है। इस मानसून में अब तक जो 35% से 40% बारिश की कमी देखी गई थी। वह काफी हद तक पूरी हो जाएगी।
BMC ने हाई टाइड (ऊंची लहरों) की चेतावनी जारी की
बृहन्मुंबई नगर निगम (BMC) के अनुसार, मुंबई में अगली ऊंची लहर (हाई टाइड) 21 जुलाई को शाम 4:53 बजे के बाद रात 11:17 बजे 1.49 मीटर की नीची लहर (लो टाइड) आएगी। 22 जुलाई को शहर में सुबह 5:57 बजे 3.27 मीटर ऊंची लहर आएगी, जबकि इसके बाद सुबह 11:44 बजे 2.53 मीटर की नीची लहर आने की उम्मीद है। IMD द्वारा शहर में भारी बारिश के अनुमान को देखते हुए, निवासियों को सलाह दी जाती है कि वे निचले इलाकों की ओर न जाएं। बता दें कि देश के कई राज्यों में भी भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।
ये भी पढ़ेंः मुंबई वालों के लिए राहत भरी खबर, जलाशयों में बढ़ा जलस्तर, कुल जल भंडारण कितना पहुंचा?