मुंबई: महाराष्ट्र में सरकारी बसों का किराया बढ़ गया है। नई कीमतें आज आधी रात से लागू हो जाएंगी। जानकारी के मुताबिक, स्टेट ट्रांसपोर्ट अथॉरिटी (STA) ने महाराष्ट्र राज्य सड़क परिवहन निगम (MSRTC) की बसों के किराए में 13.56 प्रतिशत की बढ़ोतरी को मंज़ूरी दे दी है। किराया में बढ़ोतरी से यात्रियों के जेब खर्च पर असर पड़ेगा।
पहले से 10 प्रतिशत बढ़ा किराया वापस
इसके साथ ही सामान्य बसों के लिए मौजूदा 10 प्रतिशत की मौसमी किराया बढ़ोतरी को वापस ले लिया गया है। 15 जुलाई से पहले जो किराया था, उससे 13.56 प्रतिशत बढ़ाकर किराया अब लिया जाएगा। 15 जुलाई को निगम ने मौसमी किराया बढ़ोतरी को महीने के आखिर तक बढ़ा दिया था। MSRTC देश की सबसे बड़ी सार्वजनिक बस सेवा निगमों में से एक है, जिसके बेड़े में 14,000 से ज़्यादा बसें हैं। रोज़ाना 55 लाख से ज़्यादा यात्री इसकी बस सेवा का इस्तेमाल करते हैं।
इस वजह से बढ़ा किराया
अधिकारियों ने बताया कि खाड़ी देशों में युद्ध जैसी परिस्थितियों के कारण डीजल की कीमतों में हुई बढ़ोतरी, एसटी कर्मचारियों के विभिन्न भत्तों में वृद्धि तथा वाहनों के स्पेयर पार्ट्स, टायर और रखरखाव पर बढ़े खर्च को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है।
एसटी महामंडल की वित्तीय स्थिरता बनाए रखने और यात्रियों को सुरक्षित, गुणवत्तापूर्ण एवं निर्बाध सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए यह किराया वृद्धि आवश्यक मानी गई है। बढ़ती लागत के बावजूद राज्य के लाखों यात्रियों को सेवा प्रदान करने के कारण एसटी के दैनिक संचालन पर आर्थिक दबाव बढ़ रहा था। ऐसे में सेवाओं को सुचारु रूप से जारी रखने के लिए किराया बढ़ाना अपरिहार्य हो गया। यह किराया वृद्धि एसटी सेवा को अधिक मजबूत और टिकाऊ बनाने के उद्देश्य से की गई है। इससे यात्रियों को सुरक्षित, भरोसेमंद और गुणवत्तापूर्ण यात्रा सुविधाएं उपलब्ध कराना और आवश्यक सेवाओं का स्तर बनाए रखना संभव होगा। बता दें कि पिछले साल मुंबई की लाइफलाइन कही जाने वाली BEST बसों का किराया बढ़ा दिया गया था।
बढ़े हुए किराए की लिस्ट
परिवहन मंत्री ने कही ये बातें
परिवहन मंत्री प्रताप सरनाईक ने कहा कि किराया बढ़ाते समय इस बात का विशेष ध्यान रखा गया है कि यात्रियों पर न्यूनतम आर्थिक भार पड़े। राज्य की आम जनता को सुरक्षित, गुणवत्तापूर्ण और निर्बाध परिवहन सेवा उपलब्ध कराना और एसटी महामंडल को आर्थिक रूप से अधिक सक्षम बनाना इस निर्णय का प्रमुख उद्देश्य है। हमें उम्मीद है कि यात्री पहले की तरह एसटी पर अपना विश्वास बनाए रखेंगे।”
बढ़े हुए किराये की लिस्ट
- मुंबई से सतारा का किराया- 515 रुपये
- मुंबई से कोल्हापुर का किराया-755 रुपये
- मुंबई से नाशिक का किराया- 370
- मुंबई से धुले का किराया- 684 रुपये
- मुंबई से सोलापुर का किराया- 800 रुपये
- पुणे से कोल्हापुर का किराया- 435 रुपये
- पुणे से अहिल्यानगर का किराया-240 रुपये
- पुणे से संभाजीनगर का किराया- 470 रुपये
- पुणे से सोलापुर का किराया- 480 रुपये
- नाशिक से पुणे का किराया- 425 रुपये
ये भी पढ़ेंः चलती बस पर गिर गया विशालकाय पेड़, शीशे को चीरते हुए अंदर घुस गईं शाखाएं; 40 यात्री थे सवार