महाराष्ट्र के सातारा जिले में पुणे-सातारा हाईवे पर मंगलवार तड़के हुए भीषण सड़क हादसे में चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। हाईवे पर शिरवल के पास तेज रफ्तार टाटा नेक्सॉन कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर पार कर सामने से आ रहे आयशर ट्रक से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। उसमें सवार चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।
मृतकों की हुई पहचान
हादसा शिरवल में होटल शिवालय के सामने मंगलवार तड़के करीब 1:15 बजे हुआ। बताया जा रहा है कि कार सातारा की ओर जा रही थी। मृतकों की पहचान वेदांत वारिंगे, सोनलिंग ठाकूर, आदित्य गरुड़ और निखिल राऊत के रूप में हुई है। सभी मृतक मावल और तलेगांव दाभाड़े इलाके के रहने वाले बताए जा रहे हैं। हादसे में दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। दोनों घायलों को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
कार के उड़े परखच्चे
हादसा इतना भीषण था कि कार के परखच्चे उड़ गए। हादसे के बाद हाइवे पर लंबा जाम लग गया। मौके पर पहुंची पुलिस की टीम ने जाम को खुलवाया और मृतकों की पहचान कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
राजगढ़ हादसे में तबाह हुआ पूरा परिवार
वहीं, दूसरी ओर मध्य प्रदेश के राजगढ़ हादसे ने एक पूरे परिवार को उजाड़ दिया। हादसे में जान गंवाने वाले 9 लोगों के शव देर रात सतवास पहुंचाए गए। सभी शवों को सतवास के शासकीय अस्पताल की मर्चुरी में रखा गया है।
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
शवों के सतवास पहुंचते ही धांसड़ गांव समेत पूरे इलाके में मातम छा गया। एक ही परिवार के 9 लोगों की मौत की खबर से परिजनों और ग्रामीणों का रो-रोकर बुरा हाल है। शवों को देखकर मौके पर मौजूद लोगों की आंखें नम हो गईं और माहौल बेहद गमगीन हो गया।
नर्मदा घाट पर होगा सामूहिक अंतिम संस्कार
जानकारी के मुताबिक, सभी 9 मृतकों का मंगलवार सुबह 9 बजे किट्टी स्थित नर्मदा घाट पर सामूहिक अंतिम संस्कार किया जाएगा। एक साथ परिवार के नौ सदस्यों की अंतिम विदाई से पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।
ये भी पढ़ें:
सोसाइटी में खेल रही मासूम बच्ची को कार ने कुचला, CCTV में कैद हुई दिल दहला देने वाली घटना