उत्तर प्रदेश में चुनावी सियासत के बीच महिलाओं को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव आमने-सामने आ गए हैं। योगी सरकार ने महिलाओं के लिए कई योजनाओं और सुविधाओं का ऐलान किया, तो इसके तुरंत बाद अखिलेश यादव ने भी महिलाओं के लिए बड़े वादों की झड़ी लगा दी।
योगी आदित्यनाथ ने पहले 60 साल से ज्यादा उम्र की महिलाओं के लिए मुफ्त बस सेवा का ऐलान किया था। इसके बाद रक्षाबंधन के मौके पर महिलाओं को बड़ा तोहफा देते हुए तीन दिन तक बसों में मुफ्त यात्रा की घोषणा की। महिलाओं के साथ यात्रा करने वाले एक सदस्य का टिकट भी नहीं लगेगा। सीएम योगी ने कहा कि उनकी सरकार महिलाओं की सुरक्षा और सुविधा का पूरा ख्याल रखती है।
सपा पर सीएम योगी ने साधा निशाना
इस दौरान सीएम योगी ने समाजवादी पार्टी पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि यूपी की महिलाएं वह दौर नहीं भूली हैं, जब उन्हें न घर में सुरक्षा का भरोसा था और न बाहर। योगी ने आरोप लगाया कि पिछली सरकारों में महिलाओं से जुड़ी योजनाओं पर माफिया डाका डालते थे।
अखिलेश ने योगी सरकार को घेरा
इसके बाद अखिलेश यादव समाजवादी पार्टी की महिला नेताओं के साथ सामने आए और ‘स्त्री सम्मान समृद्धि’ योजना का ऐलान किया। अखिलेश ने कहा कि अगर समाजवादी पार्टी की सरकार बनती है तो महिलाओं को हर साल 40 हजार रुपये की पेंशन दी जाएगी और अगले पांच साल तक इसमें हर साल बढ़ोतरी होगी। इंटर पास करने वाली छात्राओं को लैपटॉप देने और महिलाओं के लिए अलग एंबुलेंस सेवा शुरू करने का भी वादा किया गया।
महिला सुरक्षा को लेकर भी अखिलेश ने योगी सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि बीजेपी महिलाओं से सिर्फ झूठे वादे करती है, जबकि समाजवादी पार्टी अपने वादे पूरे करेगी। अखिलेश ने बीजेपी को चुनौती देते हुए कहा कि अगर वह वास्तव में महिलाओं के हित में सोचती है तो पहले संसद और विधानसभाओं में महिला आरक्षण लागू करके दिखाए।
अखिलेश के बयान पर सीएम का पलटवार
अखिलेश के इस बयान पर सीएम योगी आदित्यनाथ ने भी पलटवार किया। सीएम योगी ने कहा कि महिलाओं के हक पर डाका डालना समाजवादी पार्टी की आदत रही है। उन्होंने महिला आरक्षण के मुद्दे को लेकर अखिलेश यादव और राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि इस मामले में देरी के लिए वही जिम्मेदार हैं। उन्होंने ने दावा किया कि उनकी सरकार जल्द ही महिला आरक्षण से जुड़े बिल को आगे बढ़ाने की कोशिश करेगी।
ये भी पढ़ें-