वाराणसी: जनसुनवाई में अपनी फरियाद लेकर थाने पहुंची महिला पीड़ित पर महिला दरोगा ने एक दो नहीं बल्कि 6 थप्पड़ जड़ दिए। यह मामला वाराणसी के चौबेपुर थाने का है जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद संज्ञान लेते हुए डीसीपी वरुणा प्रमोद कुमार ने आरोपी महिला उपनिरीक्षक रोशनी सिंह को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया है। वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर पुलिस के व्यवहार और कार्यशैली को लेकर कई सवाल उठ रहे हैं।
क्या है पूरा मामला?
सोशल मीडिया पर वायरल होने वाला यह वीडियो चौबेपुर थाने का है जहां तैनात महिला दरोगा रोशनी सिंह ने 16 जुलाई को जनसुनवाई के दौरान एक महिला को लगातार थप्पड़ मारती दिख रही हैं। चौबेपुर थाना क्षेत्र के कादीपुर कला ग्राम पंचायत के परानापुर गांव में आबादी की जमीन को लेकर पूनम पत्नी जोगेंद्र और दूसरे पक्ष के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा है। इस विवाद को लेकर पहले पंचायत भी हो चुकी है लेकिन मामला पूरी तरह सुलझ नहीं सका था।
इसी विवाद के चलते दोनों पक्षों को चौबेपुर थाने बुलाया गया था। पूछताछ के दौरान गीता पत्नी रामसेवक भी थाने पहुंच गई। इसी दौरान उसकी थाने में मौजूद महिला SI रोशनी सिंह से किसी बात को लेकर बहस हो गई। आरोप है कि कहासुनी बढ़ने के बाद गुस्से में महिला एसआई रोशनी सिंह ने 8 सेकेंड के भीतर गीता को लगातार 6 थप्पड़ मार दिए। थाने में मौजूद अन्य किसी व्यक्ति ने पूरी घटना का वीडियो बना लिया, जो कि सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
देखें वीडियो-
ACP ने क्या कहा?
वीडियो वायरल होते ही वरुणा जोन के DCP प्रमोद कुमार ने मामले को गंभीरता से लिया और जांच के आदेश दिए गए। ACP सारनाथ विनय कुमार द्विवेदी ने बताया कि 16 जुलाई 2026 को थाना चौबेपुर में तैनात महिला सब इंस्पेक्टर कुमारी रोशनी सिंह के द्वारा एक महिला को थप्पड़ मारने के संबंध में सूचना प्राप्त हुई थी। उस सूचना पर जांच की गई। जांच के बाद महिला सब इंस्पेक्टर कुमारी रोशनी सिंह को पुलिस उपायुक्त महोदय के द्वारा सस्पेंड कर दिया गया है। इस संबंध में आगे की अन्य विधिक कार्यवाही की जा रही है।
बता दें कि हाल ही में कानपुर में यूपी पुलिस में दारोगा ब्रजेश कुमार ने अपनी वर्दी की हनक में एक दुकानदार को सरेआम जोरदार थप्पड़ जड़ दिया।
(रिपोर्ट- अश्वनी त्रिपाठी)
यह भी पढ़ें-
पुणे में दारोगा को दबंगई करना पड़ा महंगा, हुआ निलंबित, कैफे में बदसलूकी का VIDEO हुआ था वायरल
VIDEO: फर्जी दारोगा गिरफ्तार, पिता की वर्दी पहनकर मेले में झाड़ रहा था रौब; ऐसे पकड़ा गया