Last Updated:
Aloo Jeera Gutka Sabji: कभी-कभी सिंपल खाने में वो स्वाद मिलता है कि तेल-मसाले उसके आगे फीके लगते हैं. ऐसी ही एक रेसिपी है झारखंड की आलू जीरे की गुटके वाली सब्जी. इसे बनाना इतना सिंपल है कि नौसिखिया भी बना लें और स्वाद इतना लाजवाब आता है कि आप एक-दो पराठा, पूड़ी ज्यादा ही खा लेंगे.
जमशेदपुर. बरसात का मौसम आते ही गरमा-गरम खाने का स्वाद और भी बढ़ जाता है. ऐसे मौसम में अगर गर्मागर्म रोटी, पराठा या पूरी के साथ आलू जीरा की मसालेदार सब्जी मिल जाए, तो खाने का मजा दोगुना हो जाता है. झारखंड के कई घरों में बनने वाली आलू जीरा गुटके वाली सब्जी अपने सादे लेकिन बेहतरीन स्वाद के लिए काफी प्रसिद्ध है. इसे बनाना बहुत आसान है और कम समय में तैयार भी हो जाती है. अगर आप भी घर पर स्वादिष्ट आलू जीरा की सब्जी बनाना चाहते हैं, तो यह आसान रेसिपी आपके लिए है.
सबसे पहले चटखाएं जीरा
सबसे पहले 4 से 5 मध्यम आकार के आलू को अच्छी तरह धो लें. इसके बाद आलू को छीलकर चार-चार टुकड़ों में काट लें. अब एक कड़ाही या पैन में 2 से 3 बड़े चम्मच तेल गर्म करें. जब तेल अच्छी तरह गर्म हो जाए, तब उसमें एक छोटा चम्मच जीरा डालें. जीरा चटकने लगे, तो उसमें एक या दो तेजपत्ता डाल दें. इससे सब्जी में अच्छी खुशबू आएगी.
मसालों को आलू के साथ भूनें
अब बारीक कटा हुआ एक प्याज और दो हरी मिर्च डालकर हल्का सुनहरा होने तक भूनें. प्याज अच्छी तरह पक जाए, तब कटे हुए आलू कड़ाही में डाल दें और दो से तीन मिनट तक चलाते हुए भूनें. इसके बाद स्वादानुसार नमक, आधा चम्मच हल्दी पाउडर, एक छोटा चम्मच जीरा पाउडर और आधा चम्मच धनिया पाउडर डालकर सभी मसालों को आलू के साथ अच्छी तरह मिला लें.
बीच-बीच में चलाते रहें
अब एक बारीक कटा हुआ टमाटर डालें और दो से तीन मिनट तक पकाएं, ताकि टमाटर अच्छी तरह गल जाए और मसालों में मिल जाए. अगर आपको सूखी यानी ड्राई सब्जी पसंद है, तो ढक्कन लगाकर धीमी आंच पर आलू को पकने दें. बीच-बीच में चलाते रहें, ताकि सब्जी कड़ाही में चिपके नहीं.
अगर आपको ग्रेवी वाली सब्जी पसंद है, तो टमाटर पकने के बाद आधा से एक कप पानी डाल दें. फिर ढक्कन लगाकर 10 से 15 मिनट तक धीमी आंच पर पकाएं. जब आलू पूरी तरह नरम हो जाए और मसालों की खुशबू आने लगे, तब गैस बंद कर दें. आखिर में ऊपर से थोड़ा-सा हरा धनिया डाल दें, जिससे स्वाद और खुशबू दोनों बढ़ जाएंगे.
कम मसाले, बेहतरीन स्वाद
झारखंड की यह पारंपरिक आलू जीरा गुटके वाली सब्जी रोटी, पूरी, पराठा या गर्मागर्म चावल के साथ भी बेहद स्वादिष्ट लगती है. बरसात के मौसम में परिवार के साथ इस आसान और लाजवाब रेसिपी का आनंद जरूर लें. कम मसालों में बनने वाली यह सब्जी स्वाद के साथ-साथ हर उम्र के लोगों को खूब पसंद आती है.
About the Author
बुंदेलखंड यूनिवर्सिटी से मास कम्यूनिकेशन एंड जर्नलिज़्म में मास्टर्स, गोल्ड मेडलिस्ट. पत्रकारिता का सफर दैनिक जागरण से शुरू हुआ, फिर प्रभात खबर और ABP न्यूज़ से होते हुए News18 Hindi तक पहुंचा. करियर और देश की …
और पढ़ें