बॉलीवुड और टीवी जगत की जानी-मानी अभिनेत्री श्वेता तिवारी ने हाल ही में ऑनलाइन ग्रॉसरी शॉपिंग के दौरान हुए एक बेहद अप्रिय अनुभव को प्रशंसकों के साथ साझा किया। अभिनेत्री ने जब क्विक-कॉमर्स डिलीवरी प्लेटफॉर्म ‘इंस्टामार्ट’ से रेड बुल मंगवाया तो उसके साथ एक जिंदा कॉकरोच भी उनके घर पहुंच गया। इस लापरवाही से नाराज श्वेता ने सोशल मीडिया का सहारा लेते हुए महाराष्ट्र खाद्य एवं औषधि प्रशासन के कमिश्नर तुकाराम मुंढे का ध्यान इस ओर आकर्षित किया।

सोफे पर टहलता दिखा कीड़ा, श्वेता ने शेयर किया वीडियो

श्वेता तिवारी ने अपने इंस्टाग्राम स्टोरी पर एक वीडियो पोस्ट कर पूरी घटना का खुलासा किया। वीडियो में एक छोटा कॉकरोच उनके घर के सोफे और फर्नीचर पर घूमता हुआ साफ नजर आ रहा है। वीडियो साझा करते हुए उन्होंने चुटकी लेते हुए कहा कि उन्होंने तो बस रेड बुल का ऑर्डर दिया था, लेकिन साथ में यह बिन-बुलाया मेहमान भी आ गया, जो अब पूरे घर में भाग रहा है। जब उनके साथ मौजूद किसी शख्स ने उसे मारने की कोशिश की तो श्वेता ने उन्हें रोक दिया। इस पूरी स्थिति को उन्होंने और उनके दोस्तों ने थोड़े मजाकिया अंदाज में लिया, लेकिन खाद्य सुरक्षा पर सवाल भी उठाए।

एफडीए कमिश्नर तुकाराम मुंढे से लगाई गुहार

वीडियो के अंत में श्वेता ने सीधे एफडीए कमिश्नर तुकाराम मुंढे को टैग करते हुए उनसे इस लापरवाही पर कार्रवाई करने की अपील की। उन्होंने कहा कि अब ऑनलाइन डिलीवरी के जरिए घरों तक कॉकरोच पहुंच रहे हैं, इसलिए प्रशासन को इस दिशा में तुरंत ध्यान देना चाहिए। श्वेता के स्टाइलिस्ट विक्टर रोबिन्सन ने भी उनके साथ फोटो शेयर करते हुए इस घटना पर अपना विरोध दर्ज कराया।

चर्चा में हैं एफडीए कमिश्नर ‘असली सिंघम’ तुकाराम मुंढे

आईएएस अधिकारी तुकाराम मुंढे इन दिनों खाद्य सुरक्षा और नियमों के सख्त पालन को लेकर पूरे महाराष्ट्र में बड़े पैमाने पर अभियान चला रहे हैं। होटलों, रेस्टोरेंटों और क्विक-कॉमर्स कंपनियों के वेयरहाउस में मिली कमियों के बाद वह लगातार कड़े कदम उठा रहे हैं। हाल ही में एफडीए की टीमों ने लाखों रुपये मूल्य के मिलावटी डेयरी उत्पाद और प्रतिबंधित सामग्रियां जब्त की थीं, जिसके चलते आम जनता उन्हें सोशल मीडिया पर ‘असली सिंघम’ कहकर बुला रही है।

श्वेता तिवारी के आगामी प्रोजेक्ट्स

काम की बात करें तो श्वेता तिवारी इन दिनों ओटीटी प्लेटफॉर्म के लोकप्रिय रियलिटी शो ‘द ट्रेटर्स इंडिया’ के दूसरे सीजन में नजर आ रही हैं। इससे पहले वह साल 2024 में ब्लॉकबस्टर फिल्म ‘सिंघम अगेन’ और वेब सीरीज ‘इंडियन पुलिस फोर्स’ में अहम भूमिकाएं निभा चुकी हैं। आने वाले समय में वह सिद्धार्थ मल्होत्रा, तमन्ना भाटिया और सुनील ग्रोवर जैसे सितारों के साथ थ्रिलर फिल्म ‘वन – फोर्स ऑफ द फॉरेस्ट’ में दिखाई देंगी।

ये भी पढ़ें: ‘धुरंधर’ से भी ज्यादा खतरनाक और बोल्ड होगी सुपरस्टार यश की 3 घंटे 11 मिनट की ‘टॉक्सिक’, UK सेंसर बोर्ड की रिपोर्ट ने बढ़ाई हलचल





Source link

Write A Comment