केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी मुंबई में आयोजित 22वें इंडो-अमेरिकन कॉरपोरेट एक्सीलेंस अवॉर्ड्स समारोह में करीब एक घंटे की देरी से पहुंचे। कार्यक्रम में अपने संबोधन के दौरान उन्होंने देरी की वजह मुंबई का ट्रैफिक जाम बताया और इसके लिए उन्होंने खुद को जिम्मेदार ठहराया।
नितिन गडकरी ने कहा कि वह वर्ली से होटल तक आते समय करीब एक घंटे तक ट्रैफिक में फंसे रहे। उन्होंने कहा, “आज मैं इस कार्यक्रम में एक घंटे देर से पहुंचा, क्योंकि वर्ली से इस होटल तक आने में मुझे एक घंटा लग गया। लेकिन इसकी गलती की कीमत मैं खुद चुका रहा हूं।”
उन्होंने मुंबई में मौजूदा ट्रैफिक समस्या का जिक्र करते हुए कहा कि वर्ष 1992-2000 के दौरान उन्होंने 55 फ्लाईओवर, वर्ली-बांद्रा सी लिंक और मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे से जुड़े प्रोजेक्ट्स को मंजूरी दिलाई थी। उस समय उपलब्ध तकनीक और परिस्थितियों को देखते हुए इन परियोजनाओं की जरूरत थी, लेकिन अब बदलती तकनीक के साथ ट्रैफिक की समस्या से निपटने के नए तरीके अपनाने होंगे।
गडकरी ने कहा कि आज तकनीक काफी आगे बढ़ चुकी है। उन्होंने सुझाव दिया कि मौजूदा फ्लाईओवरों के कारण पैदा हो रही अड़चनों को दूर करने के लिए मल्टी-लेवल फ्लाईओवर बनाए जा सकते हैं। उनके मुताबिक, एक ही पियर पर अलग-अलग स्तरों पर सड़कें और ऊपर मेट्रो का निर्माण किया जा सकता है।
खबर अपडेट हो रही है…