मुंबई के विलेपार्ले इलाके में मंगलवार देर रात एक रिहायशी इमारत की 11वीं मंजिल पर आग लग गई। आग लगते ही इलाके में हड़कंप मच गया। आग की सूचना पर मौके पर दमकल की एक दर्जन गाड़ियां पहुंची और आग पर काबू पाने की कोशिशें शुरू की। फायर ब्रिगेड की टीम ने 11वीं मंजिल के फ्लैट में फंसे 5 लोगों को रेस्क्यू किया, जिनमें दो पुरुष, दो महिलाएं और एक बच्चा शामिल हैं। सभी को इलाज के लिए नानावती अस्पताल भेजा गया।
करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू तो पा लिया गया लेकिन इस हादसे में 2 लोगों की मौत हो गई। आग की वजह से ढाई साल का एक बच्चा और 23 साल की एक महिला की मौत हो गई जबकि तीन अन्य लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया।
दमकल ने बचाए 5 लोग, लेकिन 2 की सांसें थम गईं
घटना शांता भवन नाम की बिल्डिंग में रात करीब 10 बजे हुई। नानावटी अस्पताल की CMO डॉ. मुग्धा के मुताबिक, पांच लोगों के घायल होने की जानकारी मिली थी। इनमें से 2 को अस्पताल लाने पर मृत घोषित किया गया। मृतकों की पहचान ढाई साल के अबीर और 23 साल की अंकिता के रूप में हुई है। घायलों में पार्थ (32), हीरेन (64), यशस्वी और अभिषेक शामिल हैं। इन सभी की हालत स्थिर बताई गई है।
शुरुआत में मामूली बताई गई आग, फिर कैसे हुई तबाही?
मुंबई फायर ब्रिगेड ने रात 10 बजे आग को लेवल-1 यानी मामूली आग बताया। लेकिन रात 10:16 बजे इसे लेवल-2 यानी मध्यम स्तर की आग कर दिया गया। अधिकारियों ने बताया कि आग लगने की वजह का पता नहीं चल सका। आग बुझाने के लिए फायर ब्रिगेड, पुलिस, इलाके में बिजली सप्लाई करने वाली कंपनी, एंबुलेंस सेवा और बीएमसी वार्ड का स्टाफ मौके पर पहुंचा। देर रात तक कूलिंग ऑपरेशन जारी रहा।
खबर अपडेट हो रही है….