गया: बिहार के गया जिले से एक दर्दनाक घटना सामने आई है। यहां रसगुल्ला खाना एक 8 साल के बच्चे के लिए जानलेवा साबित हुआ और उसकी मौत हो गई। अचानक घटी इस घटना से बच्चे के परिवार में मातम पसर गया है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

क्या है पूरा मामला?

बोधगया थाना क्षेत्र के सोनू बिगहा गांव में रविवार रात एक दर्दनाक हादसे में आठ वर्षीय बच्चे की मौत हो गई। घर में रखा रसगुल्ला खाने के बाद दौड़ना बच्चे के लिए जानलेवा साबित हुआ। दौड़ने के दौरान अचानक ठोकर लगी और वह जमीन पर गिर पड़ा। इसी दौरान रसगुल्ला उसके गले में फंस गया और उसकी सांस रुकने लगी।

मृतक की पहचान सोनू बिगहा निवासी बच्चू यादव के आठ वर्षीय पुत्र शिवम कुमार के रूप में हुई है। शिवम दो बहनों का इकलौता भाई था।

मृतक के पिता बच्चू ने क्या बताया?

बच्चू यादव ने मंगलवार को बताया कि घर में रसगुल्ला रखा था। उसकी मां ने शिवम को रसगुल्ला खाने से मना किया था लेकिन बच्चे ने रसगुल्ला मुंह में डाल लिया और दौड़ने लगा। इसी दौरान अचानक पैर फिसला और वह गिर गया। 

गिरते ही रसगुल्ला उसके गले में जा फंसा और बच्चे को सांस लेने में परेशानी होने लगी। जब तक परिजन कुछ समझ पाते, तब तक उसकी हालत बिगड़ने लगी। आनन फानन में परिजन उसे नजदीकी बोधगया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे। वहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार किया, लेकिन गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे मगध मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल रेफर कर दिया।

परिजन सीएचसी की एंबुलेंस से शिवम को लेकर मगध मेडिकल के लिए निकले हीं थे कि रास्ते में उसकी हालत और बिगड़ गई। अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसकी मौत हो गई। मासूम की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। घटना के बाद से पूरे गांव में मातम पसरा है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

कहीं आप भी तो नहीं कर रहे ये गलती?

अगर आपके घर में छोटा बच्चा है तो उसे कुछ भी ऐसा मत खाने दें जो उसके गले में फंसने की आशंका हो। छोटे बच्चों के साथ जब ऐसी घटना होती है तो वह समझ नहीं पाते कि क्या करना है और गले में फंसी चीज की वजह से वह सांस नहीं ले पाते। इस तरह की घटना बच्चों के लिए जानलेवा साबित हो सकती हैं।

इससे पहले एक खबर सामने आई थी कि शादी में रसगुल्ला न मिलने पर चाकू चल गए। इस घटना में एक युवक की मौत हो गई और दुल्हन बिना बारात लौट गई। (रिपोर्ट- अजीत कुमार)

ये भी पढ़ें-

रसगुल्ला खाने से हुई शख्स की मौत, खाते समय गले में फंसा, परिवार में पसरा मातम





Source link

Write A Comment