झारखंड के रांची में प्रतियोगी परीक्षाओं में गड़बड़ी के खिलाफ 16 दिन से प्रदर्शन जारी है। प्रदर्शन कर रहे अभ्यर्थियों ने मांग पूरी नहीं होने पर 10 अगस्त को विधानसभा भवन का घेराव करने की चेतावनी दी है। ऐसे में सरकार झुकती हुई दिखाई दे रही है। सूत्रों के अनुसार सरकार 14वीं JPSC पीटी परीक्षा रद्द कर सकती है। इसके अलावा भी कई परीक्षाओं को रद्द किया जा सकता है। प्रदर्शनकारी अभ्यर्थियों ने कई परीक्षाओं में गड़बड़ी का आरोप लगाते हुए उन्हें रद्द करने की मांग की है और संभावना दिख रही है कि सरकार इन मांगों को मांन सकती है। इसके अलावा सीआईडी, सीबीआई जांच की जगह न्यायिक जांच पर एक राय बनाने की कोशिश हो सकती है। सरकार बदलाव से जुड़ी मांगें मानने के लिए भी तैयार है।

फिलहाल झारखंड सरकार के मंत्रियों और प्रदर्शनकारी अभ्यर्थियों के प्रतिनिधियों के बीच बातचीत जारी है। रांची में अलग-अलग ग्रुप के लोग प्रदर्शन कर रहे हैं। इनमें जेपीएससी-जेएसएससी अभ्यर्थी न्याय मंच और देवेंद्र मेहतो ग्रुप प्रमुख हैं। इसके अलावा ऑल इंडिया स्टुडेंट एसोसिएशन और एनएसयूआई के कार्यकर्ता भी प्रदर्शन कर रहे हैं। सरकार जेपीएससी-जेएसएससी अभ्यर्थी न्याय मंच और देवेंद्र मेहतो ग्रुप के प्रतिनिधियों से बात कर रही है।

दो दौर की बातचीत असफल

सरकार के मंत्रियों ने शुक्रवार और शनिवार को भी प्रदर्शनकारी छात्रों के प्रतिनिधियों से बात की, लेकिन अब तक कोई समाधान नहीं निकला है। पहले राउंड की बात शुक्रवार रात हुई थी।  छात्रों और सरकार की दूसरी वार्ता शनिवार दोपहर में हुई। 10 अगस्त के विधानसभा घेराव के कॉल से पहले रविवार को  हो रही बैठक बेहद अहम है। इसी से आगे की स्टूडेंट्स की रणनीति फाइनल होगी। वहीं विधायक जयराम महतो रविवार सुबह से 24 घंटे के लिए उपवास पर हैं। वह  छात्रों के समर्थन में निर्जला अनशन कर रहे हैं। विधायक जयराम महतो रविवार को रांची के पुराने विधानसभा परिसर में छात्रों के समर्थन में एक दिवसीय निर्जला अनशन कर रहे हैं। यह अनशन जेपीएससी और जेएसएससी परीक्षाओं में कथित धांधली के खिलाफ चल रहे छात्र आंदोलन के समर्थन में है। जयराम महतो ने एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा है कि जेपीएससी एवं जेएसएससी परीक्षाओं में धांधली के खिलाफ जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम रांची में पिछले 15 दिनों से चल रहे छात्र आंदोलन एवं भूख हड़ताल के समर्थन में वह नौ अगस्त को सुबह छह बजे से पुराना विधानसभा परिसर में एक दिवसीय निर्जला अनशन पर बैठेंगे।

सीआईडी ने पूछताछ के लिए समन जारी किया

14वीं जेपीएससी सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा में गड़बड़ी की जांच कर रही सीआईडी अब झारखंड लोक सेवा आयोग के तीनों मौजूदा सदस्यों से पूछताछ करेगी। एजेंसी ने आयोग की सदस्य डॉ. अजिता भट्टाचार्य, डॉ. अनिमा हांसदा और डॉ. जमाल अहमद को समन जारी किया है। तीनों से सोमवार से पूछताछ की जाएगी। तीनों सदस्यों की नियुक्ति 2 सितंबर 2021 को हुई थी। इससे पहले अगस्त 2021 में राज्य कैबिनेट ने उनकी नियुक्ति को मंजूरी दी थी। अब सीआईडी परीक्षा प्रक्रिया से जुड़े फैसलों और घटनाक्रम को लेकर तीनों सदस्यों से जानकारी लेगी।

JPSC प्रोटेस्ट के समर्थन में रांची पहुंचा CJP प्रतिनिधिमंडल

रांची में जारी छात्रों के आंदोलन को अब ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ का भी समर्थन मिल गया है। प्रदर्शन कर रहे छात्रों के समर्थन में CJP का एक प्रतिनिधिमंडल रांची पहुंचा और आंदोलन में छात्रों के साथ खड़े होने का एलान किया। प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों ने कहा कि झारखंड के बच्चों के साथ CJP पूरी तरह खड़ी है। उन्होंने कहा कि पार्टी का कोई राजनीतिक समूह नहीं है और जहां भी छात्रों के साथ अन्याय होता है, उनका हक और अधिकार छीना जाता है, वहां CJP उनके साथ खड़ी होगी।

यह भी पढ़ें-

झारखंड में भूख हड़ताल पर बैठे छात्र की तबीयत बिगड़ी, 14वां JPSC एग्जाम कैंसिल होने तक जारी रहेगा प्रदर्शन

1 घंटा 20 मिनट चली छात्रों और झारखंड के मंत्रियों की मीटिंग, स्टूडेंट लीडर बोले- बैठक सकारात्मक रही





Source link

Write A Comment