बॉलीवुड के मशहूर हास्य अभिनेता राजपाल यादव की वित्तीय और कानूनी समस्याएं लगातार गहराती जा रही हैं। 16.61 करोड़ रुपये से अधिक का बकाया ऋण न चुका पाने के कारण सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया (मुंबई) ने उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर स्थित उनकी संपत्ति पर कुर्की और नीलामी का नोटिस लगा दिया है। बैंक ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि निर्धारित अवधि में बकाये का भुगतान नहीं किया गया तो बंधक रखी गई अचल संपत्ति की 9 सितंबर 2026 को ऑनलाइन नीलामी कर दी जाएगी। यह घटनाक्रम ऐसे समय में सामने आया है, जब कुछ ही समय पहले दिल्ली उच्च न्यायालय ने उन्हें ‘अता पता लापता’ फिल्म से जुड़े चेक बाउंस मामले में सजा सुनाई थी।

बंडा स्थित ‘यादव भवन’ की होगी नीलामी, 31 लाख रुपये बयाना राशि तय

ताजा अपडेट के अनुसार, सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया की मुंबई शाखा के निर्देश पर शाहजहांपुर के शाखा प्रबंधक अनुज वर्मा ने अभिनेता के बंडा (पुवायां तहसील) स्थित निवास ‘यादव भवन’ पर नीलामी का नोटिस चस्पा किया है। बैंक आंकड़ों के मुताबिक राजपाल यादव, उनकी पत्नी राधा यादव और मां गोदावरी देवी पर बैंक का कुल 16 करोड़ 61 लाख 64 हजार 638 रुपये बकाया है। ऋण वसूली न्यायाधिकरण मुंबई के आदेश पर शुरू की गई इस प्रक्रिया में बंडा स्थित गाटा संख्या 1410, 1411, 1412 और 1413 पर बनी जमीन तथा मकान को नीलामी सूची में रखा गया है। इस संपत्ति का अनुमानित मूल्य करीब 3 करोड़ 19 लाख 26 हजार रुपये तय किया गया है। ई-नीलामी में भाग लेने के इच्छुक खरीदारों को 7 सितंबर 2026 तक 31 लाख रुपये की अग्रिम बयाना राशि जमा करानी होगी, जिसके बाद 9 सितंबर को ऑनलाइन बोली लगाई जाएगी।

फिल्म ‘अता पता लापता’ से शुरू हुआ वित्तीय संकट, मां और पत्नी थीं गारंटर

राजपाल यादव के इस वित्तीय संकट की शुरुआत उनके निर्देशन में बनी पहली फिल्म ‘अता पता लापता’ से हुई थी। वर्ष 2005 में उन्होंने अपने माता-पिता के नाम पर ‘नवरंग गोदावरी एंटरटेनमेंट लिमिटेड’ नामक कंपनी पंजीकृत कराई थी। इसी बैनर तले फिल्म के निर्माण के लिए उन्होंने सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया की बांद्रा-कुर्ला कॉम्प्लेक्स मुंबई शाखा से 5 करोड़ रुपये का ऋण लिया था। फिल्म बॉक्स ऑफिस पर व्यावसायिक रूप से सफल नहीं हो सकी, जिसके कारण कर्ज की किश्तें समय पर अदा नहीं की जा सकीं। सालों से पेनल्टी, ब्याज और अन्य शुल्क जुड़ने के बाद बकाया राशि बढ़कर 16.61 करोड़ रुपये से अधिक हो गई। लोन लेते समय उन्होंने अपनी मां गोदावरी देवी और पत्नी राधा यादव के नाम दर्ज शाहजहांपुर की परिसंपत्तियों को गारंटी के तौर पर बंधक रखा था, जिससे अब बैंक इन संपत्तियों पर विधिक कार्रवाई कर रहा है।

बैंक अधिकारियों से समाधान की वार्ता जारी

बैंक की इस सख्त कार्रवाई के बीच राजपाल यादव के बड़े भाई श्रीपाल यादव ने मीडिया को बताया कि यह पुराना मामला है और कर्ज अदायगी को लेकर बैंक प्रबंधन से लगातार बातचीत चल रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि नीलाम प्रक्रिया की तारीख से पहले ही दोनों पक्षों के बीच सहमति बन जाएगी और नीलामी की नौबत नहीं आएगी।

चेक बाउंस का कानूनी विवाद और तिहाड़ में सरेंडर

संपत्ति जब्ती की प्रक्रिया के अलावा राजपाल यादव इसी लोन से जुड़े चेक बाउंस के कई मामलों में कानूनी लड़ाई लड़ रहे हैं। दिल्ली हाई कोर्ट ने चेक बाउंस से संबंधित मामलों में उन्हें तीन महीने के कारावास की सजा सुनाई थी। अदालती शर्तों और किश्तों के भुगतान में विलंब के कारण फरवरी 2026 में उन्हें तिहाड़ जेल में आत्मसमर्पण भी करना पड़ा था, जहां से 12 दिनों के बाद उन्हें अंतरिम जमानत मिली थी। अभिनय के मोर्चे पर बात करें तो राजपाल यादव हाल ही में ‘वेलकम टू द जंगल’ में नजर आए थे और वे आगामी फिल्म ‘हैवान’ में अक्षय कुमार और सैफ अली खान के साथ दिखाई देंगे।

रिपोर्ट – अंकित जौहर

ये भी पढ़ें: तूफानी अंदाज में आया ‘आवारापन 2’ का ट्रेलर, बदले की आग में लौटे इमरान हाशमी, शबाना आजमी का दिखा खतरनाक विलेन अवतार

Latest Bollywood News





Source link

Write A Comment