गर्मी के मौसम में शरीर को ठंडा रखने के लिए लोग देसी खानपान का सहारा लेते हैं. देवघर और आसपास के इलाकों में कच्चे आम से बनने वाली खास चटनी ‘अमझोरा’ काफी पसंद की जाती है. यह स्वादिष्ट होने के साथ शरीर को ठंडक पहुंचाने में भी मदद करती है. गर्मी और लू के दिनों में अमझोरा खाने से पेट को राहत मिलती है और पाचन भी बेहतर रहता है. अमझोरा बनाना भी काफी आसान है. इसके लिए कच्चे आम को उबालकर उसका गूदा निकाल लिया जाता है. फिर इसमें पुदीना, भुना धनिया, सूखी लाल मिर्च और स्वादानुसार गुड़ या चीनी मिलाई जाती है. अंत में थोड़ा सरसों का तेल डालने से इसका स्वाद और बढ़ जाता है. यह स्वादिष्ट चटनी करीब 10 मिनट में तैयार हो जाती है.