Aam Panna Recipe: गर्मी का मौसम आते ही सबसे बड़ा सवाल यही होता है कि खुद को ठंडा और एनर्जेटिक कैसे रखा जाए. बाहर की तेज धूप, गर्म हवाएं और शरीर में पानी की कमी कई बार थकान और चिड़चिड़ापन बढ़ा देती हैं. ऐसे में हर किसी को एक ऐसे देसी ड्रिंक की तलाश होती है जो स्वादिष्ट भी हो और शरीर को राहत भी दे. यही जगह बनाता है आम पन्ना -एक ऐसा ट्रेडिशनल ड्रिंक जो पीढ़ियों से गर्मियों का हिस्सा रहा है. दादी-नानी के हाथों का बना आम पन्ना सिर्फ स्वाद ही नहीं, बल्कि सेहत का भी खजाना है. कच्चे आम की खटास, गुड़ की मिठास और मसालों का जबरदस्त कॉम्बिनेशन इसे खास बनाता है.
यह ड्रिंक न सिर्फ शरीर को ठंडक देता है बल्कि लू से बचाने में भी मदद करता है. सबसे अच्छी बात ये है कि इसे घर पर बहुत आसानी से बनाया जा सकता है और कुछ दिन तक स्टोर भी किया जा सकता है, अगर आप भी इस गर्मी में बाहर की बोतल वाली ड्रिंक्स को छोड़कर कुछ हेल्दी और देसी ट्राय करना चाहते हैं, तो यह आम पन्ना रेसिपी आपके लिए परफेक्ट है.
आम पन्ना बनाने की आसान रेसिपी
1. सही कच्चे आम का चुनाव करें
सबसे पहले आधा किलो कच्चे आम लें. ध्यान रखें कि आम अच्छे खट्टे हों, तभी स्वाद बढ़िया आएगा. इन्हें अच्छी तरह धो लें और डंठल वाला हिस्सा साफ कर लें.
2. आम को उबालें
अब कुकर में आम डालें और करीब 1–1.5 गिलास पानी डालकर 4–5 सीटी आने तक पकाएं. इससे आम पूरी तरह नरम हो जाएंगे और पल्प निकालना आसान होगा.
3. पल्प तैयार करें
उबले आम को थोड़ा ठंडा करें और फिर उसका छिलका हटाकर पूरा पल्प निकाल लें. गुठली से भी जितना हो सके पल्प निकालें.
4. मिक्सचर बनाएं
अब इस पल्प को मिक्सर में डालें. इसमें एक कप गुड़, थोड़ा पुदीना, अदरक और 1–2 हरी मिर्च डालें. बिना पानी के इसे ग्राइंड करें ताकि क्रीमी पेस्ट तैयार हो जाए.
5. स्टोर करने का तरीका
तैयार पेस्ट को एक एयरटाइट डिब्बे में भरकर फ्रिज में रखें. इसे आप 1 हफ्ते तक आराम से इस्तेमाल कर सकते हैं.
आम पन्ना सर्व करने का तरीका
जब भी पीना हो, 2–3 चम्मच पेस्ट लें और उसमें ठंडा पानी या सोडा मिलाएं. इसके बाद इसमें भुना जीरा पाउडर, काला नमक, काली मिर्च और थोड़ा सा साधारण नमक डालें. अच्छे से मिक्स करें और ऊपर से पुदीना डालकर सर्व करें, अगर आप चाहें तो गिलास के किनारों पर नमक और लाल मिर्च लगाकर इसे और भी आकर्षक बना सकते हैं. ऊपर से आइस डालें और ठंडा-ठंडा सर्व करें.
आम पन्ना पीने के फायदे
शरीर को तुरंत ठंडक देता है. लू से बचाव में मदद करता है. पाचन को बेहतर बनाता है. शरीर में एनर्जी बनाए रखता है. डिहाइड्रेशन से बचाता है.