Lauki Dahi Tadka Recipe: गर्मी का मौसम आते ही सबसे बड़ा सवाल यही होता है कि आखिर ऐसा क्या बनाया जाए जो जल्दी भी बन जाए, खाने में हल्का भी हो और शरीर को ठंडक भी दे. तेज गर्मी में लंबे समय तक किचन में खड़े होकर खाना बनाना किसी चुनौती से कम नहीं लगता. ऐसे में लोग ऐसी रेसिपी ढूंढते हैं जो कम मेहनत में तैयार हो जाए और पूरा परिवार भी स्वाद लेकर खाए, अगर आपका भी खाना बनाने का मूड नहीं बन रहा, तो लौकी दही तड़का आपके लिए शानदार ऑप्शन हो सकता है.
यह डिश सिर्फ 10-15 मिनट में तैयार हो जाती है और इसका स्वाद इतना मजेदार होता है कि बच्चे से लेकर बड़े तक सब उंगलियां चाटते रह जाते हैं. लौकी की हल्की तासीर और दही की ठंडक मिलकर इसे गर्मियों के लिए परफेक्ट बनाती है. सबसे खास बात यह है कि इसे बनाने में ज्यादा मसाले या भारी चीजों की जरूरत नहीं पड़ती. यह पेट के लिए भी हल्की होती है और लंच या डिनर दोनों में आसानी से सर्व की जा सकती है, अगर आप भी गर्मी में कुछ अलग और झटपट बनने वाली रेसिपी ट्राई करना चाहते हैं, तो लौकी दही तड़का जरूर बनाकर देखें.
गर्मियों में क्यों खास है लौकी दही तड़का?
गर्मी के दिनों में शरीर को ठंडा रखने वाली चीजें खाना बेहद जरूरी होता है. लौकी में पानी की मात्रा काफी ज्यादा होती है, जिससे बॉडी हाइड्रेट रहती है. वहीं दही पेट को ठंडक देने के साथ डाइजेशन को भी बेहतर बनाने में मदद करता है. यही वजह है कि लौकी दही तड़का गर्मियों के लिए एकदम फिट डिश मानी जाती है. यह रेसिपी उन लोगों के लिए भी बढ़िया है जो ज्यादा ऑयली या मसालेदार खाना पसंद नहीं करते. हल्का होने की वजह से इसे खाने के बाद भारीपन महसूस नहीं होता.
लौकी दही तड़का बनाने के लिए सामग्री
-1 छोटी लौकी कद्दूकस की हुई
-1.5 कप ताजा दही
-1-2 हरी मिर्च
-आधा इंच अदरक
-बारीक कटा हरा धनिया
-स्वादानुसार नमक
-1/4 छोटी चम्मच काला नमक
-1/2 छोटी चम्मच भुना जीरा पाउडर
तड़के के लिए
-1 बड़ा चम्मच घी या तेल
-1/2 छोटी चम्मच राई
-1/2 छोटी चम्मच जीरा
-1 चुटकी हींग
-7-8 कढ़ी पत्ते
-1 सूखी लाल मिर्च
बनाने की आसान विधि
सबसे पहले कद्दूकस की हुई लौकी को एक बर्तन में डालें और थोड़ा सा पानी मिलाकर मध्यम आंच पर 5 से 7 मिनट तक पकाएं. जब लौकी नरम हो जाए, तो गैस बंद कर दें और उसे पूरी तरह ठंडा होने दें. अब एक बड़े बाउल में ताजा दही लें और उसे अच्छी तरह फेंट लें. इसमें बारीक कटी हरी मिर्च, कद्दूकस किया हुआ अदरक, भुना जीरा पाउडर, नमक और काला नमक डालकर अच्छे से मिक्स करें. इसके बाद ठंडी हो चुकी लौकी को दही में डालें और अच्छी तरह मिला लें. अब बारी आती है तड़के की, जो इस डिश का स्वाद कई गुना बढ़ा देता है.
एक छोटे पैन में घी या तेल गरम करें. इसमें राई, जीरा और हींग डालें. जब राई चटकने लगे, तब सूखी लाल मिर्च और कढ़ी पत्ता डाल दें. कुछ सेकंड बाद गैस बंद करें और यह गरम तड़का तुरंत दही और लौकी के मिश्रण पर डाल दें. ऊपर से हरा धनिया डालें और चाहें तो इसे कुछ देर फ्रिज में रखकर ठंडा कर लें. ठंडा लौकी दही तड़का खाने में और भी ज्यादा स्वादिष्ट लगता है.
रेसिपी बनाते समय इन बातों का रखें ध्यान
लौकी उबालने के बाद अगर ज्यादा पानी बच जाए, तो उसे हल्का निकाल दें. गरम लौकी में सीधे दही न मिलाएं, वरना दही फट सकता है. ज्यादा खट्टा दही इस्तेमाल न करें, इससे स्वाद बिगड़ सकता है. अगर आप हल्का तीखा पसंद करते हैं, तो हरी मिर्च कम डालें. इसे रोटी, पराठा या सादे चावल के साथ भी खाया जा सकता है.
क्यों पसंद आ रही है यह रेसिपी?
आजकल लोग ऐसी रेसिपी ज्यादा पसंद कर रहे हैं जो जल्दी बन जाए और हेल्दी भी हो. लौकी दही तड़का इन्हीं दोनों चीजों का शानदार कॉम्बिनेशन है. इसमें ज्यादा मसाले नहीं होते, इसलिए यह बच्चों और बुजुर्गों के लिए भी अच्छा ऑप्शन बन जाता है. अगर आप रोज-रोज की सब्जियों से बोर हो चुके हैं और कुछ नया ट्राई करना चाहते हैं, तो यह रेसिपी आपके मेन्यू में जरूर शामिल होनी चाहिए.