मुंबई: ठाणे जिले में आयोजित एक सरकारी कार्यक्रम में उस वक्त अजीबोगरीब हालात बन गए जब वंदे मातरम् की जगह लता मंगेशकर के एलबम का एक गीत बजने लगा। करीब चार मिनट तक पूरी सभा मौन होकर खड़ी रही है। जिस सभा में यह सब हो रहा था उसमें महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे भी मौजूद थे। हालांकि उनके हाव-भाव से साफ नजर आया कि उन्हें भी कार्यक्रम में हुई इस चूक का एहसास हो गया था।
वंदेमातरम् की जगह बजा प्राइवेट एल्बम का गीत
दरअसल, ठाणे में आयोजित इस सरकारी कार्यक्रम में डिप्टी सीएम शिंदे के मंच पर पहुंचने के बाद कार्यक्रम की शुरुआत हुई और तय मानकों के मुताबिक वंदे मातरम् के गायन की घोषणा हुई। सभा में मौजूद सभी लोग खड़े हो गए। इस दौरान भारत रत्न लता मंगेशकर का एक एल्बम गीत बजने लगा। हालांकि इस गीत के बोल भी वंदे मातरम् ही थे लेकिन यह एक पुराने एलबम का गीत था। जबकि यहां वंदे मातरम् के वास्तविक स्वरूप का गायन होना था।
4 मिनट तक शांत खड़े रहे लोग
यह गाना 4 मिनट का था तो पूरी सभा शांति से खड़ी नजर आई। गाना खत्म होने के बाद जब एकनाथ शिंदे ने अपना संबोधन शुरू किया तो उन्होंने इस गलती के लिए माफी मांगी। उन्होंने संबंधित लोगों को आगे से ऐसी चूक नहीं दोहराने की सख्त हिदायत भी दी। शिंदे ने कहा कि राष्ट्रगीत या देशभक्ति से जुड़े कार्यक्रमों में ऐसी गलती नहीं होनी चाहिए और आयोजन के दौरान विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है। बता दें कि यह घटना ऐसे समय हुई है जब देश में वंदे मातरम् को लेकर राजनीतिक बहस तेज है।
ये भी पढ़ें:
“हमारे शव ले जाओ” पिता को मैसेज भेजकर नौसेना जवान ने पहले पत्नी और बेटों को मारा, फिर की खुदकुशी