Ragi Laddu Recipe: आजकल लोग स्वाद के साथ-साथ हेल्थ का भी खास ध्यान रखने लगे हैं. खासकर ऐसी चीजें ज्यादा पसंद की जाती हैं जो टेस्टी होने के साथ शरीर को अंदर से मजबूत भी बनाएं. रागी का लड्डू ऐसी ही एक शानदार और हेल्दी डिश है, जो बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक सभी के लिए फायदेमंद माना जाता है. कैल्शियम, आयरन और फाइबर से भरपूर रागी शरीर को ताकत देने के साथ हड्डियों को मजबूत बनाने में मदद करती है. यही वजह है कि डॉक्टर और हेल्थ एक्सपर्ट भी इसे डाइट में शामिल करने की सलाह देते हैं, अगर आप बार-बार भूख लगने, कमजोरी या वजन बढ़ने जैसी परेशानियों से जूझ रहे हैं, तो रागी का लड्डू आपके लिए बेहतरीन ऑप्शन बन सकता है.
इसकी खास बात यह है कि यह पेट को लंबे समय तक भरा रखता है, जिससे अनहेल्दी स्नैकिंग कम होती है. साथ ही इसमें मौजूद गुड़, तिल और मूंगफली शरीर को जरूरी पोषण देने का काम करते हैं. सबसे अच्छी बात यह है कि इसे घर पर बहुत आसानी से बनाया जा सकता है और इसका स्वाद भी बेहद लाजवाब होता है. आइए जानते हैं रागी का पौष्टिक लड्डू बनाने का आसान तरीका और इसके जबरदस्त फायदे.
रागी का लड्डू बनाने के लिए जरूरी सामग्री
-रागी का आटा -250 ग्राम
-घी -50 ग्राम
-तिल -80 ग्राम
-मूंगफली -80 ग्राम
-गुड़ -300 ग्राम
-जायफल -1 टीस्पून
-सौंठ पाउडर -2 टीस्पून
-छोटी इलायची पाउडर -1 टीस्पून
रागी का लड्डू बनाने की आसान विधि
1. रागी के आटे को भूनें
सबसे पहले गैस ऑन करें और उस पर एक पैन रखें. अब इसमें घी डालें और हल्का गर्म होने दें. इसके बाद रागी का आटा डालकर धीमी आंच पर अच्छे से भूनें. जब आटे से खुशबू आने लगे और उसका रंग हल्का बदल जाए, तब उसे एक प्लेट में निकाल लें.
2. तिल और मूंगफली तैयार करें
अब उसी पैन में तिल डालकर हल्का भून लें. इसके बाद मूंगफली भी भूनें. दोनों चीजों को ठंडा होने दें और फिर अलग-अलग मिक्सर में दरदरा पीस लें. इससे लड्डू का स्वाद और क्रंच दोनों बढ़ जाते हैं.
3. गुड़ की चाशनी बनाएं
अब पैन में गुड़ डालें और उसमें आधा कप पानी मिलाएं. इसे धीमी आंच पर पकाएं जब तक गुड़ पूरी तरह पिघल न जाए. ज्यादा गाढ़ी चाशनी बनाने की जरूरत नहीं है. बस इतना रखें कि सभी चीजें आसानी से बाइंड हो जाएं.
4. मिश्रण तैयार करें
एक बड़े बर्तन में भुना हुआ रागी आटा डालें. फिर उसमें पिसा हुआ तिल, मूंगफली, जायफल, सौंठ और इलायची पाउडर डालकर अच्छे से मिक्स करें. अब इसमें गुड़ की चाशनी डालें और सभी चीजों को अच्छी तरह मिला लें.
5. लड्डू बांधें
जब मिश्रण थोड़ा ठंडा हो जाए, तब हाथों में थोड़ा घी लगाएं और मनचाहे आकार के लड्डू बना लें. स्वादिष्ट और हेल्दी रागी लड्डू तैयार हैं.
रागी का लड्डू खाने के फायदे
हड्डियों को बनाता है मजबूत
रागी में भरपूर मात्रा में कैल्शियम पाया जाता है, जो हड्डियों और दांतों को मजबूत रखने में मदद करता है. बढ़ती उम्र के लोगों और बच्चों के लिए यह काफी फायदेमंद माना जाता है.
वजन कंट्रोल करने में मददगार
रागी में मौजूद फाइबर पेट को लंबे समय तक भरा रखता है. इससे बार-बार भूख नहीं लगती और ओवरईटिंग कम होती है, जो वजन कंट्रोल करने में मदद करती है.
शरीर को देता है एनर्जी
गुड़, मूंगफली और रागी का कॉम्बिनेशन शरीर को तुरंत एनर्जी देने का काम करता है. सुबह के नाश्ते या शाम के स्नैक के रूप में यह एक बढ़िया ऑप्शन है.
पाचन के लिए अच्छा
रागी ग्लूटेन फ्री होती है और पेट के लिए हल्की मानी जाती है. इसका सेवन पाचन को बेहतर बनाने में मदद कर सकता है.
खून की कमी दूर करने में मदद
रागी और गुड़ दोनों में आयरन पाया जाता है, जो शरीर में खून की कमी को दूर करने में मददगार हो सकता है.
कब और कैसे खाएं रागी का लड्डू?
आप सुबह दूध के साथ या शाम की हल्की भूख में एक से दो रागी लड्डू खा सकते हैं. बच्चों के टिफिन में भी इसे शामिल किया जा सकता है, अगर आप जिम जाते हैं या हेल्दी स्नैक की तलाश में हैं, तो यह आपके लिए परफेक्ट ऑप्शन है.