Protein Dosa Recipe: आप रोज एक जैसा नाश्ता खाकर बोर हो चुके हैं और कुछ ऐसा चाहते हैं जो स्वादिष्ट भी हो और शरीर को ताकत भी दे, तो यह प्रोटीन डोसा आपके लिए शानदार विकल्प हो सकता है. आजकल लोग हेल्दी खाने पर ध्यान दे रहे हैं, लेकिन स्वाद से समझौता करना किसी को पसंद नहीं. ऐसे में साउथ इंडियन स्टाइल का यह खास डोसा तेजी से पसंद किया जा रहा है. इसकी सबसे बड़ी खासियत यह है कि इसमें चावल की जगह भीगे चने और सूजी का इस्तेमाल होता है. इससे डोसा हल्का भी बनता है और प्रोटीन से भरपूर भी.

इसे बनाने में ज्यादा समय नहीं लगता और घंटों बैटर रखने की जरूरत भी नहीं पड़ती, अगर आप फिटनेस, वजन कंट्रोल या हेल्दी ब्रेकफास्ट चाहते हैं, तो यह रेसिपी जरूर ट्राई करें.

क्यों खास है यह प्रोटीन डोसा
डोसा वैसे तो हर घर में पसंद किया जाता है, लेकिन पारंपरिक डोसा बनाने में चावल, उड़द दाल और लंबे समय का फर्मेंटेशन लगता है. वहीं यह नया प्रोटीन डोसा बहुत आसान है. इसमें चना और सूजी का इस्तेमाल होने से प्रोटीन बढ़ जाता है और पेट भी लंबे समय तक भरा रहता है. यह डोसा बच्चों, कामकाजी लोगों, जिम जाने वालों और बुजुर्गों सभी के लिए अच्छा ऑप्शन है.

डोसा बनाने के लिए सामग्री
-200 ग्राम भीगे हुए काले चने या काबुली चने
-100 ग्राम सूजी
-1 चम्मच जीरा
-3 साबुत लाल मिर्च
-नमक स्वाद अनुसार
-ताजा हरा धनिया
-करी पत्ता
-जरूरत के हिसाब से पानी
-तवा सेंकने के लिए थोड़ा तेल

सेहत, रिलेशनशिप, लाइफ या धर्म-ज्योतिष से जुड़ी है कोई निजी उलझन तो हमें करें WhatsApp, आपका नाम गोपनीय रखकर देंगे जानकारी.

बैटर बनाने का आसान तरीका
सबसे पहले चनों को रात भर या कम से कम 5 से 6 घंटे पानी में भिगो दें. जब चने अच्छी तरह फूल जाएं तो उन्हें साफ पानी से धो लें. अब मिक्सर जार में भीगे चने, सूजी, जीरा, लाल मिर्च और नमक डालें. थोड़ा-थोड़ा पानी डालते हुए इसे पीस लें. बैटर बिल्कुल स्मूथ होना चाहिए. ध्यान रखें कि बैटर बहुत पतला न हो और बहुत गाढ़ा भी न रहे. इसका टेक्सचर सामान्य डोसा बैटर जैसा होना चाहिए ताकि तवे पर आसानी से फैल सके.

स्वाद बढ़ाने वाला फ्रेश टच
जब बैटर तैयार हो जाए तो इसे एक बड़े बाउल में निकाल लें. अब इसमें बारीक कटा हरा धनिया और करी पत्ता डाल दें. इससे डोसे की खुशबू और स्वाद दोनों बढ़ जाते हैं. साथ ही देखने में भी यह काफी शानदार लगता है, अगर आप चाहें तो थोड़ा कद्दूकस अदरक भी डाल सकते हैं.

बिना इंतजार तैयार होगा डोसा
इस रेसिपी की सबसे बड़ी खासियत यही है कि इसमें लंबे इंतजार की जरूरत नहीं पड़ती. आम डोसा बैटर की तरह इसे 8 से 10 घंटे रखने की जरूरत नहीं है. बैटर बनाइए और तुरंत डोसा तैयार करना शुरू कर दीजिए. सुबह जल्दी ऑफिस जाना हो या बच्चों के लिए टिफिन बनाना हो, यह रेसिपी बहुत काम की है.

डोसा सेंकने का सही तरीका
एक नॉन-स्टिक तवा गैस पर रखें और गर्म करें. हल्का सा तेल लगाएं. फिर थोड़ा पानी छिड़ककर तापमान संतुलित करें. अब एक कड़छी बैटर तवे के बीच में डालें और गोल-गोल घुमाते हुए फैलाएं. सूजी होने की वजह से यह अच्छी तरह फैलता है और शानदार क्रिस्पी बनता है. मध्यम आंच पर पकाएं. जब किनारे ऊपर उठने लगें तो हल्का तेल डालें और पलटकर दूसरी तरफ भी सेक लें.

किसके साथ खाएं
इस प्रोटीन डोसे को आप कई चीजों के साथ खा सकते हैं. नारियल चटनी, टमाटर चटनी, हरी चटनी, सांभर, दही डिप, हर बार नया स्वाद मिलेगा.

सेहत के फायदे
चना प्रोटीन का अच्छा स्रोत माना जाता है. इससे शरीर को ताकत मिलती है और मसल्स सपोर्ट मिलता है. सूजी इसे हल्का बनाती है जिससे पाचन आसान रहता है. यह डोसा लंबे समय तक पेट भरा रखता है, जिससे बार-बार भूख नहीं लगती. इसलिए वजन कंट्रोल करने वालों के लिए भी यह अच्छा विकल्प है.



Source link

Write A Comment