जम्मू-कश्मीर में भारी बारिश का दौर लगातार जारी है। मौसम विभाग ने पूरे हफ्ते बारिश से राहत के आसार नहीं जताए हैं। मौसम विभाग की मानें तो भारी बारिश की वजह से कई जगहों पर लैंडस्लाइड भी हो सकती है। ऐसे में मौसम विभाग ने लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी है। वहीं आज दूसरे दिन भी माता वैष्णो देवी और अमरनाथ की यात्रा स्थगित रही। बता दें कि इससे पहले शनिवार को खराब मौसम की वजह से वैष्णो देवी और अमरनाथ की यात्राओं को स्थगित कर दिया गया था। वहीं इन दोनों ही यात्राओं पर निकले श्रद्धालु जगह-जगह रास्ते में रुके हुए हैं।
बेस कैंपों में रुके श्रद्धालु
दरअसल, भारी बारिश की वजह से जम्मू, कठुआ, सांबा, उधमपुर, रामबन और बनिहाल में अलग-अलग बेस कैंप में श्रद्धालु रुके हुए हैं। भारी बारिश के कारण सोमवार को लगातार दूसरे दिन भी अमरनाथ, माता वैष्णोदेवी और शिव खोड़ी गुफा मंदिरों की यात्रा रोक दी गई। वहीं तीर्थयात्रियों को बेस कैंप और ठहरने की जगहों पर ही रुकने की सलाह दी गई है। इस बीच हाईवे पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं ताकि तीर्थयात्रियों को ले जाने वाला कोई भी वाहन कश्मीर की ओर न जा सके। मंदिर के बेस कैंप कटरा शहर पहुंचे तीर्थयात्रियों को भी सलाह दी गई है कि जब तक मौसम साफ न हो जाए, वे वहीं रुके रहें।
हालात पर प्रशासन की नजर
अधिकारियों ने बताया कि जम्मू-कश्मीर के रियासी जिले में स्थित श्री शिव खोड़ी मंदिर की यात्रा दूसरे दिन भी बंद रही। ऐसा भारी बारिश की चेतावनी और रान्सू इलाके में खराब मौसम के कारण किया गया। प्रशासन लगातार मौसम की स्थिति पर नजर रख रहा है और उसने श्रद्धालुओं से गुजारिश की है कि गुफा मंदिर जाने का प्लान बनाने से पहले ताजा जानकारी जरूर देख लें। अधिकारियों ने कहा कि यात्रा दोबारा शुरू करने के बारे में आगे का फैसला मौसम में सुधार और सुरक्षा की समीक्षा के आधार पर लिया जाएगा।
कैसा रहेगा पूरे हफ्ते का मौसम
इस बीच मौसम विभाग ने कटरा इलाके में भारी बारिश को लेकर चेतावनी जारी की है। मौसम विभाग के मुताबिक पूरे सप्ताह बारिश से राहत नहीं मिलने वाली है। इस दौरान बारिश के साथ कहीं-कहीं आकाशीय बिजली गिरने की भी संभावना है। मौसम विभाग ने 19 से 24 जुलाई के बीच पूरे जम्मू-कश्मीर में मध्यम से लेकर व्यापक बारिश का अनुमान जताया है। वहीं जम्मू-कश्मीर के कई इलाकों में बादल फटने की घटनाएं भी सामने आईं, जिससे भारी तबाही देखने को मिली।
यह भी पढ़ें-
कुएं में गिरे बछड़े को बचाने गए 4 लोगों की मौत, जहरीली गैस की चपेट में आने से हुआ हादसा