Last Updated:
गर्मी के मौसम में छत्तीसगढ़ की खेड़हा भाजी और दही की सब्जी स्वाद और सेहत दोनों के लिए खास मानी जाती है. यह देसी रेसिपी शरीर को ठंडक देने और पाचन बेहतर करने में मदद करती है. ग्रामीण क्षेत्रों में इसे गरम चावल और देसी घी के साथ बड़े चाव से खाया जाता है. खेड़हा भाजी में आयरन और फाइबर जैसे कई जरूरी पोषक तत्व पाए जाते हैं.
गर्मी के मौसम में छत्तीसगढ़ की रसोई में बनने वाली खेड़हा भाजी और दही की सब्जी स्वाद के साथ शरीर को ठंडक देने के लिए भी खास मानी जाती है. गांव-घर में पीढ़ियों से बनाई जा रही यह देसी रेसिपी गर्मी और उमस में राहत पहुंचाने के साथ पाचन को भी बेहतर बनाती है. बिलासपुर जिले की ग्रामीण महिला भाग्यवती बताती हैं कि यह पारंपरिक व्यंजन गर्मियों में शरीर को हल्का और ताजगी भरा महसूस कराता है.
क्या है खेड़हा भाजी
खेड़हा एक हरी पत्तेदार देसी भाजी है, जो गर्मी और बरसात के मौसम में खेतों और आसपास के इलाकों में आसानी से मिल जाती है. इसकी मुलायम पत्तियां स्वादिष्ट होने के साथ पौष्टिक भी मानी जाती हैं. ग्रामीण क्षेत्रों में इसे खासतौर पर दही के साथ बनाकर खाया जाता है. भाग्यवती बताती हैं कि खेड़हा भाजी और दही की सब्जी गर्मी में शरीर को ठंडक देती है और खाने में भी बेहद स्वादिष्ट लगती है.
भाग्यवती से जानिए खास रेसिपीसामग्री
खेड़ा भाजी बनाने के लिए इन सामग्रियों का जरूरत पड़ता है जिसमें खेड़हा भाजी – 500 ग्राम, ताजा दही – 1 कप, लहसुन – 6 से 7 कलियां, हरी मिर्च – 2, राई – आधा चम्मच, हींग – 1 चुटकी, नमक – स्वादानुसार, सरसों का तेल – 2 बड़े चम्मच.
बनाने की रेसिपी
सबसे पहले खेड़हा भाजी को अच्छी तरह धोकर बारीक काट लें. फिर हल्का नमक डालकर इसे उबाल लें. दूसरी तरफ दही को अच्छे से फेंट लें. अब कढ़ाही में सरसों का तेल गर्म करें और उसमें राई, हींग, लहसुन और हरी मिर्च का तड़का लगाएं. इसके बाद उबली हुई भाजी डालकर हल्का भूनें और फिर फेंटी हुई दही मिलाकर धीमी आंच पर 4 से 5 मिनट तक पकाएं. तैयार है स्वादिष्ट छत्तीसगढ़िया खेड़हा भाजी-दही की सब्जी.
कैसे खाएं
इस सब्जी का असली स्वाद गरमागरम चावल के साथ आता है. ऊपर से थोड़ा देसी घी डाल दिया जाए तो इसका स्वाद और भी बढ़ जाता है. गर्मी के दिनों में यह हल्का और ठंडक देने वाला भोजन माना जाता है.
सेहत के लिए क्यों फायदेमंद
खेड़हा भाजी में आयरन, फाइबर और कई जरूरी पोषक तत्व पाए जाते हैं. वहीं दही शरीर को ठंडक देने और पाचन को बेहतर बनाने में मदद करता है. गर्मी के मौसम में यह देसी रेसिपी शरीर को ताजगी देने के साथ स्वास्थ्य के लिए भी काफी लाभकारी मानी जाती है.