भारत में शादियां किसी उत्सव से कम नहीं होतीं, और जब बात पूरी बारात को एक शहर से दूसरे शहर ले जाने की हो, तो यात्रा का इंतजाम सबसे बड़ा सिरदर्द बन जाता है। अक्सर लोग बसों या पर्सनल गाड़ियों के चक्कर में परेशान होते हैं। लेकिन क्या आप जानते हैं कि भारतीय रेलवे और IRCTC आपको शादी-ब्याह जैसे खास मौकों के लिए पूरी की पूरी ट्रेन या एक पूरा कोच बुक करने की सुविधा देते हैं? रेलवे की इस खास सर्विस को FTR (Full Tariff Rate) कहा जाता है। आइए जानते हैं कि आप शादी के लिए पूरी ट्रेन को कैसे बुक कर सकते हैं।
बुकिंग से जुड़े जरूरी नियम और समय-सीमा
FTR सेवा के तहत ट्रेन कोच बुक करने के लिए रेलवे ने कुछ महत्वपूर्ण नियमों का पालन करना बेहद जरूरी है। आप अपनी यात्रा की तारीख से अधिकतम 6 महीने (180 दिन) पहले और कम से कम 30 दिन पहले बुकिंग के लिए आवेदन कर सकते हैं। एक सिंगल ट्रेन में आप शादी के लिए अधिकतम 10 कोच तक बुक कर सकते हैं। वहीं स्टॉपेज की बात करें तो यह चार्टर्ड कोच केवल उन्हीं स्टेशनों पर जोड़े या हटाए जा सकते हैं, जहां संबंधित ट्रेन का ठहराव 10 मिनट या उससे अधिक समय का हो।
कितना आता है खर्च
प्रति कोच ₹50,000 का रेजिस्ट्रेशन सेक्योरिटी डिपॉजिट जमा करना होता है, जो अधिकतम 7 दिनों की यात्रा के लिए मान्य है। यदि आपका सफर 7 दिनों से ज्यादा का है, तो ₹50,000 के अलावा ₹10,000 प्रति दिन प्रति कोच का अतिरिक्त शुल्क देना होगा। बारात के लिए बुक किए गए कोच का किराया तय दूरी, श्रेणी (जैसे- Sleeper, 3AC, 2AC) और वास्तविक सीटों की क्षमता के आधार पर रेलवे द्वारा तय किया जाता है, जिसमें सर्विस चार्ज और अन्य टैक्स शामिल होते हैं। जर्नी कंप्लीट होने के बाद, किसी भी प्रकार के नुकसान या रेलवे के बकाए को एडजस्ट करने के बाद यह ₹50,000 की सिक्योरिटी राशि आपको वापस कर दी जाती है।
बुकिंग की पूरी प्रक्रिया
आप शादी के लिए ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों तरीकों से कोच बुक कर सकते हैं।
ऑनलाइन बुकिंग का तरीका
FTR वेबसाइट पर जाएं
सबसे पहले IRCTC की आधिकारिक FTR वेबसाइट ftr.irctc.co.in पर जाएं। ध्यान रहे, इसके लिए आपको एक नया यूजर अकाउंट बनाना होगा, जो आपकी IRCTC आईडी से अलग होता है।
यात्रा का विवरण दर्ज करें
लॉगिन करने के बाद ‘Coach Booking’ विकल्प चुनें। यहां अपनी यात्रा की तारीख, ट्रेन नंबर, रूट, कोच का प्रकार (AC या Non-AC) और बारात के सदस्यों की संख्या जैसी जरूरी जानकारी भरें।
रेफरेंस नंबर और भुगतान
फॉर्म सबमिट करने के बाद आपको एक ऑटो-जेनरेटेड रेफरेंस नंबर मिलेगा। इसके बाद आपको 6 दिनों के भीतर ऑनलाइन माध्यम से ₹50,000 प्रति कोच का सिक्योरिटी डिपॉजिट जमा करना होगा।
रेलवे से मंजूरी और अंतिम भुगतान
रेजिस्ट्रेशन सेक्योरिटी डिपॉजिट जमा होने के बाद रेलवे परिचालन और कोच की उपलब्धता की जांच करेगा। मंजूरी मिलने पर आपको कन्फर्मेशन मिलेगा। यात्रा शुरू होने से कम से कम 48 घंटे या रेलवे द्वारा निर्धारित तिथि से पहले आपको पूरा किराया ऑनलाइन चुकाना होगा।
ऑफलाइन बुकिंग का तरीका
यदि आप ऑनलाइन बुकिंग नहीं करना चाहते, तो आप अपने नजदीकी रेलवे स्टेशन के स्टेशन मास्टर या मुख्य बुकिंग पर्यवेक्षक से संपर्क कर सकते हैं। आपको लिखित आवेदन पत्र में यात्रा का पूरा विवरण देना होगा, जिसे वे अपने FTR सिस्टम में फीड कर आपको एक रसीद सौंप देंगे।