सीतामढ़ी: जिले के डुमरा थाना क्षेत्र से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां के गोपनाथपुर में 19 वर्षीय नवविवाहिता काजल कुमारी की संदिग्ध हत्या का मामला सामने आने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। जानकारी के मुताबिक काजल की शादी के महज दो महीने पहले हुई थी। शादी के बाद पहली बार वह मायके पहुंची थी। इसी बीच काजल 13 अगस्त को अचानक लापता हो गई थी। वहीं अब 3 दिन बाद 16 अगस्त की सुबह उसका शव जंगल के समीप पोखर किनारे मिला है। वहीं काजल का शव बरामद होने के बाद से परिवार में कोहराम मच गया है।

दो महीने पहले हुई थी शादी

जानकारी के अनुसार, काजल की शादी 19 जून 2026 को मुजफ्फरपुर जिले के घनश्यामपुर गांव निवासी अनिल राय से हुई थी। इसके बाद बीते 12 अगस्त को वह अपने मायके गोपनाथपुर आई थी। मायके आने के बाद अगले ही दिन उसके लापता होने के बाद परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। बाद में उसका शव मिलने पर परिजनों ने हत्या की आशंका जताई। मृतका के पिता का आरोप है कि शादी से पहले काजल का गांव के ही एक युवक सुमित उर्फ राजा यादव से प्रेम संबंध था। आरोप है कि शादी से नाराज युवक काजल से शादी करना चाहता था। इसी विवाद को लेकर परिजनों ने पुराने प्रेमी पर अपहरण कर हत्या करने का संदेह जताया है।

कथित प्रेमी के खिलाफ केस दर्ज

परिजनों की ओर से 14 अगस्त को डुमरा थाना में आवेदन देकर सुमित उर्फ राजा यादव और रामविनय यादव समेत तीन लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। घटना के बाद आरोपितों के घर से फरार होने की बात भी सामने आ रही है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। पुलिस के अनुसार, मुख्य आरोपी सुमित उर्फ राजा यादव के खिलाफ डुमरा थाना में पहले से दो मामले दर्ज होने की जानकारी मिली है। फिलहाल पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है। रिपोर्ट आने के बाद ही काजल की मौत के वास्तविक कारण और घटना की पूरी कड़ी स्पष्ट हो सकेगी। (इनपुट- सौरभ)

यह भी पढ़ें-

बारिश के बीच अचानक धंस गया नेशनल हाईवे का बड़ा हिस्सा, तीन ट्रक खाई में समा गए; VIDEO देखें





Source link

Write A Comment