महाराष्ट्र के अकोला शहर में महात्मा गांधी रोड स्थित सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया की शाखा में 1 करोड़ 7 लाख 25 हजार 660 रुपये मूल्य के सोने के आभूषणों की हेराफेरी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। बैंक के लॉकर में सुरक्षित रखे गए लगभग 715.044 ग्राम सोने के जेवर गायब होने का खुलासा होते ही बैंकिंग क्षेत्र में खलबली मच गई है। इस तरह की घटना से बैंकों के लॉकर की सुरक्षा और ग्राहकों के भरोसे पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
29 वर्षीय सफाईकर्मी ने किया बड़ा खेल
इस मामले में सिटी कोतवाली पुलिस ने बैंक में दैनिक वेतन पर सफाईकर्मी के रूप में कार्यरत वैभव धनराज कोल्हे (उम्र 29 वर्ष, निवासी बोरगांव खुर्द, अकोला) के खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, पंकज कुमार कमला प्रसाद श्रीवास्तव (उम्र 52 वर्ष) सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया में क्षेत्रीय प्रमुख के पद पर कार्यरत हैं। शाखा में दैनिक वेतन पर सफाईकर्मी नियुक्त करने का अधिकार उनके पास होने के कारण उन्होंने वैभव कोल्हे को इस काम पर रखा था।
28 अगस्त से 29 अगस्त 2026 के बीच बैंक में डिमांड लोन से जुड़े लेन-देन में भारी गड़बड़ी पाए जाने की बात सामने आई। जांच के दौरान बैंक के लॉकर में रखे सोने के गहनों की हेराफेरी होने का खुलासा हुआ।
हेराफेरी का तरीका क्या था?
बैंक के लॉकर में सुरक्षित रखा गया सोना डिमांड लोन से जुड़ी प्रक्रिया में धोखाधड़ी कर गायब किया गया है, जिसकी प्राथमिक जांच में पुष्टि हुई है। हालांकि, सोने की ठिकानेबंदी कैसे की गई, लॉकर तक आरोपी की पहुंच कैसे संभव हुई और इस पूरे खेल में अन्य किन लोगों का हाथ है, इसका पता लगाने के लिए पुलिस की गहन जांच जारी है। इतने बड़े पैमाने पर सोने की चोरी से बैंक की आंतरिक सुरक्षा प्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। पुलिस इस दिशा में भी जांच आगे बढ़ा रही है कि क्या इस वारदात में बैंक का कोई अन्य कर्मचारी या बाहरी व्यक्ति शामिल है।
इससे पहले झारखंड के जमशेदपुर में केनरा बैंक की कबीर मेमोरियल शाखा से भी ऐसा ही मामला सामने आया था। बैंक में गोल्ड लोन के तहत गिरवी रखे गए 1 करोड़ 10 लाख 48 हजार रुपये मूल्य के सोने के गायब होने से बैंकिंग महकमे में हड़कंप मच गया।
(रिपोर्ट- गुलाम मोहसिन)
यह भी पढ़ें-
नेपाल बाढ़ में बहकर आया बैंक का लॉकर तो मची लूट, पुलिस भी एक्शन में, 92 लाख से ज्यादा नकदी बरामद
लॉकर तोड़ा, खाली हाथ भागा और चाकू छोड़ गया; CCTV में साफ दिख रहा चोर का चेहरा