Balti Paneer Recipe: पनीर की बात आते ही दिमाग में मटर पनीर, शाही पनीर या पालक पनीर घूमने लगता है, लेकिन अगर आप कुछ नया, थोड़ा हटके और रेस्टोरेंट जैसा टेस्ट घर पर बनाना चाहते हैं, तो बाल्टी पनीर एक दमदार ऑप्शन है. इस डिश की खास बात इसकी गाढ़ी, मसालेदार ग्रेवी और खड़े मसालों की खुशबू है, जो पूरे किचन में फैलकर भूख और बढ़ा देती है. बाल्टी पनीर को कई जगह पेशावरी पनीर भी कहा जाता है और इसका फ्लेवर बाकी पनीर डिश से काफी अलग होता है. इसमें मसालों को सही टाइम पर भूनना बहुत जरूरी होता है, तभी इसका असली स्वाद निकलकर आता है.
अच्छी बात ये है कि इसे बिना प्याज और लहसुन के भी बनाया जा सकता है, जिससे इसका स्वाद और भी अलग और हल्का लगता है, अगर आप घर पर कुछ ऐसा बनाना चाहते हैं जो मेहमानों को इम्प्रेस कर दे या फिर वीकेंड पर फैमिली के साथ खास डिनर करना चाहते हैं, तो ये रेसिपी आपके लिए परफेक्ट है. चलिए जानते हैं इसे आसान तरीके से कैसे बनाएं.
बाल्टी पनीर क्या है और क्यों है खास
बाल्टी पनीर एक ऐसी डिश है जिसमें ग्रेवी गाढ़ी होती है और मसाले ज्यादा उभरकर आते हैं. इसमें टमाटर बेस ग्रेवी और भुने हुए मसालों का कॉम्बिनेशन होता है, जो इसे रिच और टेस्टी बनाता है. इसका नाम “बाल्टी” इसलिए पड़ा क्योंकि इसे खास तरह के बर्तन में बनाया जाता था, लेकिन अब आप इसे घर की कड़ाही या हांडी में भी आसानी से बना सकते हैं.
बाल्टी पनीर बनाने की आसान विधि
1. ग्रेवी तैयार करना
सबसे पहले कुकर में घी गरम करें. इसमें तेज पत्ता, अदरक और सूखी लाल मिर्च डालकर हल्का भून लें. अब टमाटर और नमक डालें और कुछ मिनट पकाएं. जब टमाटर नरम हो जाएं, तब हल्दी, लाल मिर्च पाउडर और धनिया पाउडर डालकर भूनें. अब पानी डालें और 3-4 सीटी तक पकने दें. ठंडा होने पर इसे पीसकर स्मूद पेस्ट बना लें.
2. मसाला तैयार करना
एक पैन में धनिया के बीज, काली मिर्च, लौंग, बड़ी इलायची, हरी इलायची और काजू डालकर सूखा भून लें. अब इसे पीसकर फाइन पाउडर बना लें. यही इस डिश का असली फ्लेवर है.
3. पनीर फ्राई और मैरिनेट करना
कड़ाही में तेल गरम करें और पनीर के टुकड़ों को हल्का गोल्डन होने तक तल लें. अब इस तले हुए पनीर में तैयार मसाला मिलाकर अच्छे से कोट करें.
4. फाइनल कुकिंग स्टेप
हांडी में घी गरम करें और उसमें तैयार ग्रेवी डालकर तेज आंच पर पकाएं. अब मसाला और थोड़ा पानी डालकर धीमी आंच पर पकने दें. फिर मैरिनेट किया हुआ पनीर, हरी मिर्च और हरा धनिया डालें. आखिर में थोड़ा सा चीनी डालकर 2-3 मिनट पकाएं और गैस बंद कर दें.
सर्व करने का सही तरीका
बाल्टी पनीर को गरमागरम ही सर्व करें. ऊपर से हरा धनिया डालें और नान, रोटी या पराठे के साथ खाएं. इसका स्वाद जितना गरम होगा, उतना ही मजेदार लगेगा.
परफेक्ट बाल्टी पनीर के टिप्स
मसालों को ज्यादा जलने न दें, वरना कड़वाहट आ सकती है. पनीर को ज्यादा देर तक न तलें, वरना सख्त हो जाएगा. ग्रेवी को स्मूद रखना जरूरी है. हल्की मिठास डालने से स्वाद बैलेंस हो जाता है.