Kutchi Dabeli Recipe: बारिश की शाम हो और कुछ चटपटा, मसालेदार खाने का मन न करे, ऐसा कम ही होता है. सड़क किनारे मिलने वाली दाबेली की खुशबू और उसमें भरा मसालेदार आलू, मीठी-खट्टी चटनी, सेव और अनार के दाने किसी को भी अपनी ओर खींच लेते हैं. लेकिन मानसून में बाहर निकलकर स्ट्रीट फूड खाना हर किसी को पसंद नहीं आता. ऐसे में क्यों न इसी स्वाद को घर की रसोई में तैयार किया जाए? सेलिब्रिटी शेफ रणवीर बराड़ की कच्छी दाबेली रेसिपी इसी काम में मदद कर सकती है.

इसमें मसालों का ऐसा मेल है, जो साधारण आलू और पाव को भी शानदार स्नैक में बदल देता है. खास बात यह है कि इसे घर पर बनाना मुश्किल नहीं है, बस मसालों का संतुलन सही रखना जरूरी है.

कच्छी दाबेली क्यों है इतनी खास?

कच्छी दाबेली गुजरात के कच्छ इलाके से निकला लोकप्रिय स्ट्रीट फूड है. समय के साथ इसका स्वाद गुजरात से निकलकर मुंबई समेत देश के कई हिस्सों तक पहुंच गया. दाबेली की खासियत सिर्फ मसालेदार आलू की स्टफिंग नहीं है. इसमें मीठी इमली की चटनी, तीखी लहसुन की चटनी, मसाला मूंगफली, सेव, प्याज और अनार के दाने मिलकर हर बाइट को अलग स्वाद देते हैं. रणवीर बराड़ की रेसिपी में भी यही खास मेल देखने को मिलता है. घर पर इसे बनाते समय सबसे ज्यादा ध्यान दाबेली मसाले पर देना चाहिए, क्योंकि यही पूरे स्नैक के स्वाद की नींव तैयार करता है.

ऐसे तैयार करें स्पेशल दाबेली मसाला

इसके लिए आधा कप धनिया, दो बड़े चम्मच जीरा, एक बड़ा चम्मच सौंफ, चार काली इलायची, दो चक्र फूल, दो-तीन लौंग, 10-15 काली मिर्च, एक बड़ा चम्मच सफेद तिल, दो इंच दालचीनी, दो-तीन तेजपत्ते और सूखी कश्मीरी लाल मिर्च लें. इसमें काला नमक, देगी लाल मिर्च, हींग और करीब एक-तिहाई कप कद्दूकस किया हुआ सूखा नारियल भी मिलाया जाता है. सभी साबुत मसालों को धीमी आंच पर सूखा भूनें. खुशबू आने लगे तो गैस बंद कर दें. उसी पैन में नारियल को हल्का भूनें. ठंडा होने के बाद मसालों और नारियल को पीसकर बारीक पाउडर बना लें. इसमें मूंगफली का तेल और थोड़ी चीनी मिलाकर रख दें.

लहसुन की चटनी का स्वाद होगा गेमचेंजर

लाल लहसुन की चटनी के लिए भिगोई हुई कश्मीरी लाल मिर्च, लहसुन की कलियां, नमक, थोड़ी चीनी, देगी लाल मिर्च, मूंगफली का तेल और मूंगफली लें. जरूरत के अनुसार पानी डालकर इसे पीस लें. चटनी बहुत ज्यादा पतली न रखें, ताकि पाव में लगाने पर स्वाद अच्छी तरह बना रहे.

आलू की स्टफिंग ऐसे बनेगी

तीन उबले आलू कद्दूकस कर लें. पैन में मूंगफली का तेल गर्म करके तैयार दाबेली मसाला डालें. इसके बाद आलू और थोड़ा पानी डालकर मध्यम आंच पर अच्छी तरह मिलाएं. कुछ देर पकाने के बाद मसालेदार आलू की खुशबू आने लगेगी. मिश्रण को प्लेट में निकालकर सामान्य तापमान पर ठंडा होने दें. अब इसमें मसाला मूंगफली, कटा हुआ प्याज, हरी मिर्च, धनिया और नींबू का रस मिलाएं. ऊपर से सेव और अनार के दाने डालने से दाबेली में कुरकुरापन और हल्की मिठास दोनों आ जाती हैं.

सेहत, रिलेशनशिप, लाइफ या धर्म-ज्योतिष से जुड़ी है कोई निजी उलझन तो हमें करें WhatsApp, आपका नाम गोपनीय रखकर देंगे जानकारी.

पाव में भरें और मक्खन में सेंकें

अब पाव को बीच से काटें, लेकिन पूरी तरह अलग न करें. एक तरफ इमली की मीठी चटनी और दूसरी तरफ लाल लहसुन की चटनी लगाएं. बीच में तैयार आलू की स्टफिंग भरें और किनारों पर सेव लपेट दें. पैन में थोड़ा मक्खन गर्म करें और दाबेली को दोनों तरफ से हल्का सुनहरा होने तक सेंकें. ऊपर से धनिया और अनार के दाने डालकर गरमागर्म परोसें.

बारिश की शाम के लिए बढ़िया स्नैक

घर की बनी कच्छी दाबेली की सबसे अच्छी बात यही है कि आप तीखापन और चटनी की मात्रा अपने स्वाद के अनुसार बदल सकते हैं. बाहर की भागदौड़ से दूर, गरम चाय के साथ कुरकुरी और मसालेदार दाबेली बारिश की शाम को खास बनाने के लिए काफी है.



Source link

Write A Comment