Healthy Saavan Vrat Recipes: सावन का महीना सिर्फ पूजा-पाठ और आस्था का समय नहीं होता, बल्कि यह अपनी दिनचर्या और खानपान को संतुलित करने का भी अवसर माना जाता है. कई लोग पूरे महीने या खास सोमवार के व्रत रखते हैं, लेकिन अक्सर लंबे समय तक खाली पेट रहने या तली-भुनी व्रत वाली चीजें खाने से शरीर में थकान, कमजोरी और सुस्ती महसूस होने लगती है.

ऐसे में अगर व्रत के दौरान पोषण से भरपूर और संतुलित भोजन चुना जाए, तो न केवल शरीर को जरूरी एनर्जी मिलती है बल्कि पाचन भी बेहतर रहता है. न्यूट्रिशनिस्ट अंजलि उपाध्याय के मुताबिक, सावन व्रत में कुछ आसान और हेल्दी रेसिपी शामिल करके पूरे दिन खुद को एक्टिव और फिट रखा जा सकता है. आइए जानते हैं ऐसी चार पौष्टिक व्रत रेसिपी, जो स्वाद और सेहत दोनों का बेहतरीन मेल हैं.

व्रत में क्यों जरूरी है संतुलित भोजन?

अक्सर लोग व्रत के दौरान सिर्फ आलू, साबूदाना या तली हुई चीजों पर निर्भर हो जाते हैं. इससे कुछ समय के लिए पेट तो भर जाता है, लेकिन शरीर को पर्याप्त प्रोटीन, फाइबर और जरूरी पोषक तत्व नहीं मिल पाते. परिणामस्वरूप थकान, कमजोरी और बार-बार भूख लगने जैसी समस्याएं सामने आती हैं. न्यूट्रिशनिस्ट का कहना है कि अगर व्रत के भोजन में समक के चावल, मखाना, सिंघाड़े का आटा, शकरकंद, सूखे मेवे और दही जैसी चीजें शामिल की जाएं, तो शरीर को लंबे समय तक एनर्जी मिलती है और ब्लड शुगर भी अपेक्षाकृत संतुलित रहती है.

समक चावल और मूंगफली की खिचड़ी से मिलेगी लंबे समय तक एनर्जी

हल्की, स्वादिष्ट और पेट भरने वाली रेसिपी

समक के चावल की खिचड़ी व्रत के लिए सबसे संतुलित ऑप्शनों में मानी जाती है. इसमें भुनी हुई मूंगफली, आलू, जीरा, हरी मिर्च और सेंधा नमक मिलाकर बनाई गई खिचड़ी स्वाद के साथ पोषण भी देती है. समक जटिल कार्बोहाइड्रेट का अच्छा स्रोत है, जिससे एनर्जी धीरे-धीरे मिलती रहती है. वहीं मूंगफली से हेल्दी फैट और प्लांट बेस्ड प्रोटीन मिलता है. दही के साथ इसे खाने से भोजन और भी संतुलित हो जाता है.

मखाना और शकरकंद टिक्की बनाएगी व्रत को हेल्दी

तली हुई नहीं, हल्की शैलो फ्राई टिक्की चुनें

अगर शाम के समय हल्की भूख लगे, तो मखाना और शकरकंद की टिक्की अच्छा ऑप्शन हो सकती है. उबले शकरकंद में पिसा हुआ मखाना, मूंगफली पाउडर, अदरक और धनिया मिलाकर हल्के घी में शैलो फ्राई करने से स्वादिष्ट स्नैक तैयार हो जाता है. इसमें मौजूद फाइबर पाचन को बेहतर बनाने में मदद करता है. शकरकंद विटामिन ए और धीरे-धीरे एनर्जी देने वाले कार्बोहाइड्रेट का स्रोत है, जबकि मखाना कैल्शियम और एंटीऑक्सीडेंट से भरपूर माना जाता है.

लौकी और सिंघाड़े के आटे का चीला रहेगा हल्का और पौष्टिक

पाचन के लिए भी फायदेमंद

अगर व्रत में कुछ अलग बनाना चाहते हैं, तो लौकी और सिंघाड़े के आटे का चीला बेहतरीन ऑप्शन है. कद्दूकस की हुई लौकी, सिंघाड़े का आटा, जीरा, धनिया और सेंधा नमक मिलाकर तैयार किया गया यह चीला कम घी में आसानी से बन जाता है. लौकी शरीर को हाइड्रेट रखने और पाचन को बेहतर बनाने में मदद करती है. वहीं सिंघाड़े का आटा प्राकृतिक रूप से ग्लूटेन-फ्री होता है और लंबे समय तक पेट भरा रखने में सहायक माना जाता है.

सेहत, रिलेशनशिप, लाइफ या धर्म-ज्योतिष से जुड़ी है कोई निजी उलझन तो हमें करें WhatsApp, आपका नाम गोपनीय रखकर देंगे जानकारी.

बिना चीनी के ड्राई फ्रूट और मखाना

लड्डूमीठा भी, सेहतमंद भी

व्रत में मीठा खाने का मन हो तो चीनी की जगह खजूर से बने ड्राई फ्रूट और मखाना लड्डू एक हेल्दी ऑप्शन हो सकते हैं. भुना हुआ मखाना, बादाम, अखरोट, सूखा नारियल, इलायची और खजूर मिलाकर तैयार किए गए ये लड्डू प्राकृतिक मिठास के साथ भरपूर पोषण भी देते हैं. इनमें मौजूद हेल्दी फैट, प्रोटीन और मिनरल्स शरीर को तुरंत और लंबे समय तक एनर्जी देने में मदद करते हैं. यात्रा या ऑफिस में व्रत रखने वालों के लिए भी यह सुविधाजनक स्नैक साबित हो सकता है.

सावन व्रत में इन बातों का भी रखें ध्यान

दिन की शुरुआत गुनगुने पानी या नारियल पानी से करें ताकि शरीर हाइड्रेट रहे. दही, छाछ या दूध को भोजन में शामिल करें, जिससे प्रोटीन और कैल्शियम की जरूरत पूरी हो सके. तली हुई व्रत सामग्री की बजाय भुनी, उबली या शैलो फ्राई चीजों को प्राथमिकता दें. पपीता, सेब, अनार, केला और नाशपाती जैसे फल दिनभर एनर्जी बनाए रखने में मदद करते हैं. पर्याप्त मात्रा में पानी पीना भी जरूरी है. वहीं अधिक चीनी, पैकेज्ड व्रत स्नैक्स और जरूरत से ज्यादा मिठाइयों से दूरी बनाना बेहतर माना जाता है.



Source link

Write A Comment