सिंधु जल संधि (Indus Waters Treaty) को लेकर सीमा पार से बढ़ते शोर-शराबे के बीच भारत ने अपना रुख कड़ा कर लिया है। केंद्र सरकार के आला सूत्रों के अनुसार, सिंधु जल संधि अपने मौजूदा स्वरूप में अब दोबारा लागू नहीं होगी। 1960 की सिंधु जल संधि प्रभावी रूप से समाप्त हो चुकी है।

सूत्रों का कहना है कि सिंधु जल संधि 1950 के दशक की परिस्थितियों और तकनीक पर आधारित थी, जो आज के समय के अनुरूप नहीं है। यह संधि आपसी सद्भावना के आधार पर बनी थी, आतंकवाद जैसी परिस्थितियों को ध्यान में रखकर नहीं। 

सरकारी सूत्रों ने बताया कि पाकिस्तान ने पिछले छह दशकों में एक भी नया बड़ा बांध नहीं बनाया। पाकिस्तान अपने हिस्से के मौजूदा जल संसाधनों का भी समुचित प्रबंधन नहीं कर पा रहा है। पाकिस्तान के हिस्से के बहाव वाले पानी का केवल 10% ही संग्रहित किया जाता है, जबकि लगभग 50% पानी अरब सागर में बह जाता है। भारत की हर जल परियोजना पर पाकिस्तान की आपत्तियों का उद्देश्य केवल उन्हें धीमा करना रहा है। 

उन्होंने बताया कि कश्मीर के लिए लाभकारी साबित होने वाली तुलबुल परियोजना भी पाकिस्तान की आपत्तियों के कारण स्थगित करनी पड़ी। भारत अब नई जल परियोजनाओं में तेजी लाएगा और इसके लिए विभिन्न स्थानों पर सर्वेक्षण किए जा रहे हैं। पाकिस्तान में प्रतिबंधित आतंकवादी संगठन लगातार भारत विरोधी बयान दे रहे हैं। आतंकवाद पर रोक लगाने के लिए पाकिस्तान की ओर से कोई विश्वसनीय और ठोस कदम नहीं उठाए जा रहे हैं।

बता दें कि भारत ने सिंधु जल संधि को निलंबित करके पाकिस्तान को एक बहुत बड़ा कूटनीतिक झटका दिया है। 1960 में हुई यह संधि भारत को पूर्वी नदियों- सतलुज, व्यास, रावी और पाकिस्तान को मुख्य रूप से पश्चिमी नदियों- सिंधु, झेलम, चिनाब के पानी का अधिकार देती थी। हालांकि, भारत को इन पश्चिमी नदियों पर सीमित मात्रा में बिजली बनाने और पानी का इस्तेमाल करने का हक था। जब भी भारत ने झेलम या चिनाब पर ‘किशनगंगा’ या ‘रतले’ जैसे बिजली प्रोजेक्ट्स बनाने शुरू किए, पाकिस्तान ने विकास कार्यों का सहयोग करने के बजाय हर बार अंतरराष्ट्रीय अदालतों का दरवाजा खटखटाकर अड़चनें डालनी शुरू कर दीं। पाकिस्तान के इस अड़ियल रवैये और लगातार जारी सीमा पार आतंकवाद को देखते हुए भारत ने “रक्त और पानी एक साथ नहीं बह सकते” की नीति अपनाते हुए इस संधि की बैठकों, डेटा शेयरिंग और अंतरराष्ट्रीय मध्यस्थता की प्रक्रियाओं को स्थगित कर दिया है।

खबर अपडेट हो रही है…





Source link

Write A Comment