भारतीय खाने में दाल, कढ़ी, खिचड़ी या पराठों के साथ कुछ चटपटा और तीखा मिल जाए तो खाने का स्वाद कई गुना बढ़ जाता है. ऐसे में मसाला फ्राई हरी मिर्च आपके लिये एक बेहतरीन विकल्प है. यह झटपट बनने वाली रेसिपी न सिर्फ खाने में तीखापन जोड़ती है, बल्कि साधारण दाल-चावल और कढ़ी-चावल को भी खास बना देती है. खास बात यह है कि इसे बनाने में बहुत कम समय और सामग्री लगती है.
अगर आप भी अपने खाने में देसी तड़का लगाना चाहते हैं, तो घर पर आसानी से मसाला फ्राई हरी मिर्च तैयार कर सकते हैं. जानें इसे झटपट बनाने का तरीका.
आवश्यक सामग्री
10-12 मोटी हरी मिर्च
2 बड़े चम्मच सरसों का तेल
1 छोटा चम्मच सौंफ
1/2 छोटा चम्मच जीरा
1 छोटा चम्मच धनिया पाउडर
1/2 छोटा चम्मच अमचूर पाउडर
1/4 छोटा चम्मच हल्दी पाउडर
1/2 छोटा चम्मच लाल मिर्च पाउडर
नमक स्वादानुसार
बनाने की विधि
सबसे पहले हरी मिर्च को अच्छी तरह धोकर सुखा लें. इसके बाद प्रत्येक मिर्च में बीच से हल्का चीरा लगा दें. ध्यान रखें कि मिर्च पूरी तरह अलग न हो.
अब एक छोटे बर्तन में सौंफ, धनिया पाउडर, अमचूर, हल्दी, लाल मिर्च पाउडर और नमक मिलाकर मसाला तैयार कर लें. इस मसाले को सावधानी से चीरा लगी मिर्चों के अंदर भर दें.
एक कड़ाही में सरसों का तेल गर्म करें. जब तेल गर्म हो जाए तो उसमें जीरा डालें और चटकने दें. इसके बाद भरी हुई हरी मिर्च कड़ाही में रखें और धीमी आंच पर पकाना शुरू करें.
मिर्च को बीच-बीच में पलटते रहें ताकि वह सभी तरफ से समान रूप से सिक जाए. लगभग 8 से 10 मिनट में मिर्च नरम हो जाएगी और उसमें भरा मसाला भी अच्छी तरह पक जाएगा. जब मिर्च हल्की सुनहरी दिखने लगे, तब गैस बंद कर दें.
स्वाद को और बेहतर बनाने के टिप्स
ज्यादा तीखापन नहीं चाहते हैं तो मोटी और कम तीखी मिर्च का इस्तेमाल करें.
मसाले में थोड़ा सा भुना बेसन मिलाने से स्वाद और भी बढ़ जाता है.
सरसों के तेल की जगह मूंगफली का तेल भी उपयोग कर सकते हैं, लेकिन सरसों का तेल देसी स्वाद देता है.
इसे बनाकर 2 से 3 दिन तक फ्रिज में भी रखा जा सकता है.
किसके साथ करें सर्व?
मसाला फ्राई हरी मिर्च दाल-चावल, कढ़ी-चावल, खिचड़ी, पराठे, पूरी और यहां तक कि साधारण रोटी के साथ भी बेहद स्वादिष्ट लगती है. इसकी हल्की कुरकुरी बनावट और मसालेदार स्वाद हर निवाले को खास बना देता है.