साधारण सी मूंगदाल अगर सही तरीके से बनाई जाए, तो उसका स्वाद किसी खास डिश से कम नहीं होता. खासकर जब उसमें तड़के का जादू जुड़ जाए, तो यह रोज़मर्रा का खाना भी स्पेशल बन जाता है. आइए जानते हैं घर पर आसान तरीके से स्वादिष्ट मूंगदाल बनाने की विधि.
आवश्यक सामग्री
1 कप धुली मूंग दाल
3 कप पानी
1 छोटा चम्मच हल्दी
नमक स्वादानुसार
1 टमाटर (बारीक कटा हुआ)
1-2 हरी मिर्च (कटी हुई)
1 छोटा टुकड़ा अदरक (कद्दूकस किया हुआ)
तड़के के लिए:
2 बड़े चम्मच घी या तेल
1 छोटा चम्मच जीरा
2-3 लहसुन की कलियां (कटी हुई)
1 सूखी लाल मिर्च
चुटकी भर हींग
1 छोटा चम्मच लाल मिर्च पाउडर
थोड़ा हरा धनिया (गार्निश के लिए)
बनाने की विधि
-पहले मूंग दाल को साफ पानी से 2–3 बार धो लें. अब इसे 15–20 मिनट के लिए भिगो दें, इससे दाल जल्दी और अच्छी तरह गलती है.
-इसके बाद कुकर में दाल डालें, साथ में पानी, हल्दी, नमक, कटा हुआ टमाटर, अदरक और हरी मिर्च भी डाल दें. अब कुकर का ढक्कन बंद करके मध्यम आंच पर 2–3 सीटी आने तक पकाएं.
-जब कुकर का प्रेशर खत्म हो जाए, तो ढक्कन खोलकर दाल को हल्का-सा मथ लें, ताकि उसका टेक्सचर क्रीमी और स्मूद हो जाए. अगर दाल ज्यादा गाढ़ी लगे, तो थोड़ा गर्म पानी डालकर अपनी पसंद के अनुसार पतली कर सकते हैं.
-अब आती है सबसे खास स्टेप, तड़का लगाने की. एक छोटी कड़ाही में घी या तेल गरम करें. उसमें जीरा डालें और चटकने दें. फिर उसमें कटा हुआ लहसुन डालकर हल्का सुनहरा होने तक भूनें. इसके बाद सूखी लाल मिर्च और हींग डालें. गैस को धीमा करके हल्दी, लाल मिर्च पाउडर डालें और तुरंत तैयार दाल में यह तड़का डाल दें.
-तड़के के साथ दाल की खुशबू और स्वाद दोनों ही कई गुना बढ़ जाते हैं. अंत में हरा धनिया डालकर सजाएं.
परोसने का तरीका
गरमा-गरम मूंगदाल को आप सादे चावल, जीरा राइस या फिर फुल्कों के साथ परोस सकते हैं. चाहें तो साथ में नींबू और अचार भी रखें, जो खाने के स्वाद को और बढ़ा देगा.
खास टिप्स
घी का इस्तेमाल करने से दाल का स्वाद और खुशबू बेहतर हो जाते हैं.
अगर हल्का सा खट्टापन पसंद हो, तो आखिर में थोड़ा नींबू रस डाल सकते हैं.
ज्यादा मसालेदार स्वाद के लिए तड़के में थोड़ा गरम मसाला भी मिला सकते हैं.