बंगाल में जादवपुर यूनिवर्सिटी में विवादित नारों को लेकर हंगामा मचा हुआ है। आज पश्चिम बंगाल के सीएम शुभेंदु अधिकारी उसी इलाके में वंदे मातरम गाने पहुंचे। उन्होंन जादवपुर यूनिवर्सिटी कैंपस के पास पूरा वंदे मातरम गाया। इसके बाद सीएम शुभेंदु अधिकारी ने देश विरोधी ताकतों को खुली चुनौती दी। उन्होंने कहा कि जादवपुर में वंदे मातरम को संजीवनी मंत्र की तरह गाया गया, उन्हें बहुत अच्छा लगा।
‘माहौल खराब करने के पीछे TMC और कम्यूनिस्ट’
शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि यूनिवर्सिटी का माहौल खराब करने के पीछे टीएमसी और कम्युनिस्ट हैं, लेकिन वो भूल गए हैं कि सरकार बदल चुकी है। देश विरोधी, बॉर्डर के अंदर हो या बाहर उन्हें छोड़ा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि अगर बंगाल में रहना है तो वंदे मातरम गाना ही होगा। मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि कश्मीर के नारे लगाने वाले कान खोल कर सुन लें, उनकी सरकार पीओके वापस लेकर ही रहेगी।
‘जल्द ही PoK भी ले लेंगे’
सीएम शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि लाखों क्रांतिकारियों ने अपनी जान गंवा कर हमें आजादी दिलाई है। अब ये लोग किस तरह की आजादी चाहते हैं। क्या इन्हें हेरोइन, गांजा, ड्रग्स की आजादी चाहिए या देश तोड़ने की। उन्होंने कहा कि टुकड़े टुकड़े गैंग कान खोलकर सुन ले, इस देश में या तो वो रहेंगे या हम रहेंगे। बीच का कोई रास्ता नहीं होगा। सीएम शुभेंदु ने कहा कि जो लोग कश्मीर मांगे आजादी के नारे लगाते हैं, वो ये भूल गए हैं कि ऑपरेशन सिंदूर में एयरफोर्स ने आतंकी मसूद अजहर का वंश खत्म कर दिया और अब हम जल्द ही पाक ऑक्यूपाइड कश्मीर भी ले लेंगे।
‘पश्चिम बंगाल में वंदे मातरम गाना ही होगा’
इससे पहले भी मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी वंदे मातरम गाने को लेकर बयान दे चुके हैं। हाल ही में उन्होंने कहा था कि पश्चिम बंगाल में रहने वाले किसी भी व्यक्ति को ‘वंदे मातरम’ गाना होगा। उन्होंने जोर देकर कहा कि राष्ट्रवाद के मामले में कोई समझौता नहीं किया जाएगा। सीएम शुभेंदु अधिकारी ने जादवपुर यूनिवर्सिटी कैंपस में मौजूद “राष्ट्र-विरोधी” तत्वों पर तीखा हमला किया। उन्होंने कहा, “पश्चिम बंगाल में रहने के लिए ‘वंदे मातरम’ गाना ही होगा। यह मुख्यमंत्री राष्ट्रवाद और देशभक्ति के मामले में कोई समझौता नहीं करेगा।”
यह भी पढ़ें-
‘कर्नाटक में शिवकुमार सरकार का पहला विकेट गिरा’, मंत्री नागेंद्र के इस्तीफे के बाद बोली बीजेपी