Last Updated:
Street Style Chowmein At Home: थोड़ी सी सामग्री और प्री प्रिपरेशन से आप घर पर ही स्ट्रीट स्टाइल चाऊमीन बना सकते हैं. इसका स्वाद तो लाजवाब होता ही है साथ ही शुद्धता की भी पूरी गारंटी होती है. छोटे-छोटे टिप्स और ट्रिक्स से बिलकुल ठेले वाला स्वाद आएगा.
दिल्ली. शाम होते ही अक्सर कुछ चटपटा खाने का मन करने लगता है. कई लोग बाहर से चाउमीन ऑर्डर कर लेते हैं, लेकिन बाहर के खाने में साफ-सफाई को लेकर मन में सवाल भी रहता है. ऐसे में अगर वही स्ट्रीट स्टाइल स्वाद घर पर मिल जाए, वह भी झटपट और साफ-सफाई के साथ, तो मजा ही अलग है. आज हम आपको आसान तरीके से घर पर बनने वाली स्ट्रीट स्टाइल चाउमीन की रेसिपी बताएंगे, जिसे आप कम समय में तैयार कर सकते हैं और शाम की भूख की क्रेविंग को कम कर सकते हैं.
किन चीजों की पड़ेगी जरूरत
स्ट्रीट स्टाइल चाउमीन बनाने के लिए आपको चाहिए होगा
1 पैकेट नूडल्स
1 प्याज (लंबा कटा हुआ)
1 शिमला मिर्च (पतली कटी हुई)
1 गाजर (लंबी कटी हुई)
1 कप पत्ता गोभी (पतली कटी हुई)
1-2 हरी मिर्च
1 चम्मच लहसुन बारीक कटा हुआ
1 चम्मच अदरक बारीक कटा हुआ
2 चम्मच तेल
1 चम्मच सोया सॉस
1 चम्मच रेड चिली सॉस
1 चम्मच टोमैटो सॉस
थोड़ा सा सिरका
स्वादानुसार नमक और काली मिर्च
ऐसे बनाएं स्ट्रीट स्टाइल चाउमीन
सबसे पहले एक बर्तन में पानी उबालें और उसमें नूडल्स डाल दें. हल्का सा नमक और थोड़ा तेल डालकर नूडल्स को उबाल लें. ध्यान रखें कि नूडल्स ज्यादा गलें नहीं. उबलने के बाद इन्हें ठंडे पानी से धो लें, ताकि ये चिपके नहीं. अब एक कड़ाही में तेल गर्म करें और उसमें लहसुन, अदरक व हरी मिर्च डालकर हल्का भूनें. इसके बाद प्याज, गाजर, शिमला मिर्च और पत्ता गोभी डालें. सब्जियों को तेज आंच पर 2-3 मिनट तक चलाएं, ताकि उनका क्रंच बना रहे.
तेज आंच जरूरी
अब इसमें सोया सॉस, रेड चिली सॉस, टोमैटो सॉस, थोड़ा सिरका, नमक और काली मिर्च डालें. फिर उबले हुए नूडल्स डालकर तेज आंच पर अच्छी तरह मिक्स करें. याद रखें पूरे प्रोसेस के लिए बर्तन थोड़ा बड़ा लें और उसे चारों तरफ से ऑयल डालकर ग्रीस कर लें. सब्जियां तेज आंच पर ही भूनें वरना वे गल जाएंगी. चाऊमीन को डालकर भी जल्दी-जल्दी तेज आंच पर चलाएं. मसाले और सॉस आप अपनी पसंद से कम या ज्यादा कर सकते हैं.
घर पर मिलेगा स्ट्रीट वाला स्वाद
कुछ ही मिनटों में आपकी स्ट्रीट स्टाइल चाउमीन तैयार हो जाएगी. इसका स्वाद बिल्कुल बाहर मिलने वाली चाउमीन जैसा लगेगा, लेकिन फर्क सिर्फ इतना होगा कि इसमें साफ-सफाई का पूरा ध्यान रखा गया होगा. आप चाहें तो ऊपर से हरा प्याज या चिली फ्लेक्स डालकर इसका स्वाद और बढ़ा सकते हैं.
झटपट भूख के लिए बेस्ट ऑप्शन
अगर शाम को अचानक भूख लगे और कुछ चटपटा खाने का मन करे, तो यह स्ट्रीट स्टाइल चाउमीन एक बढ़िया और आसान ऑप्शन हो सकती है. कम समय में बनने वाली यह रेसिपी बच्चों से लेकर बड़ों तक सभी को पसंद आती है. इसके लिए आप प्री प्रिपरेशन भी कर सकते हैं. जैसे सब्जियां काटकर पहले ही फ्रिज में एयर टाइट डिब्बे में स्टोर कर लें और चाऊमीन भी उबालकर रख लें. ऐसे में केवल इन्हें मिलाना होगा और पूरी रेसिपी 10 मिनट के अंदर रेडी हो जाएगी.
About the Author
बुंदेलखंड यूनिवर्सिटी से मास कम्यूनिकेशन एंड जर्नलिज़्म में मास्टर्स, गोल्ड मेडलिस्ट. पत्रकारिता का सफर दैनिक जागरण से शुरू हुआ, फिर प्रभात खबर और ABP न्यूज़ से होते हुए News18 Hindi तक पहुंचा. करियर और देश की …और पढ़ें