झारखंड के धनबाद के बलियापुर थाना क्षेत्र में एक किशोरी का सिरकटा शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई थी। मृतका की पहचान गिरिडीह की 17 वर्षीय पूनम कुमारी के रूप में हुई, जो प्रेम विवाह के बाद पति कृष रवानी के साथ किराए के मकान में रह रही थी। पुलिस ने फॉरेंसिक और डॉग स्क्वायड की मदद से जांच तेज की और मुख्य आरोपी समेत 4 लोगों को गिरफ्तार कर लिया है।

घटनास्थल की खौफनाक तस्वीर

घटना बलियापुर थाना क्षेत्र की ढांगी पहाड़ी की तराई में कल्याण गांव के समीप खेरबड़िया के सुनसान जंगल की है। स्थानीय लोगों ने झाड़ियों में खून से लथपथ धड़ देखा, तो पुलिस को सूचना दी। छानबीन में पास के पेड़ के नीचे प्लास्टिक की बोरी में बंद सिर बरामद हुआ, जो धड़ से करीब 100 मीटर दूर एक खेत के पास था।

घटनास्थल से अगरबत्ती और कुछ पूजा सामग्री मिलने के बाद स्थानीय स्तर पर नरबलि की अफवाहें फैलीं, लेकिन पुलिस ने साफ किया कि जांच पूरी होने से पहले किसी निष्कर्ष पर पहुंचना उचित नहीं होगा।

परिवार की मर्जी के खिलाफ भागकर की शादी

परिजनों के मुताबिक, पूनम को पढ़ाई के लिए गिरिडीह से टुंडी के मनियाडीह रिश्तेदारों के यहां भेजा गया था, जहां उसकी मुलाकात कृष रवानी से हुई। प्रेम संबंध बना तो दोनों ने परिजनों की मर्जी के खिलाफ भागकर शादी कर ली और बलियापुर के करमाटांड़ में किराए के मकान में रहने लगे। पूनम 3 महीने की गर्भवती थी। वह बुधवार से लापता थी। गुरुवार को पिता महेंद्र रवानी ने बलियापुर थाने में लिखित शिकायत दी। शुक्रवार सुबह शव मिलने के बाद रांची से फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड बुलाई गई।

Image Source : REPORTER INPUTकल्याण गांव के समीप खेरबड़िया के सुनसान जंगल में मिला शव।

चप्पल की गंध से कृष के घर पहुंचा डॉग स्क्वायड

डॉग स्क्वायड घटनास्थल से बरामद चप्पल की गंध सूंघते हुए 4 किलोमीटर दूर करमाटांड़ स्थित कृष के घर पहुंचा, जहां पुलिस को अहम सुराग मिले। परिवार का आरोप है कि युवक जेल जा चुका था और रिश्ते को लेकर पंचायती भी हुई थी। जेल से लौटने के बाद वह पूनम को अपने साथ ले गया था, लेकिन पिता की नाखुशी बनी रही। हत्या से पहले दोनों को थाने में समझौते के लिए बुलाने की बात चल रही थी। परिवार ने कृष रवानी, उसके पिता और मौसी पर हत्या में शामिल होने का आरोप लगाया है।

पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 4 आरोपी गिरफ्तार

सिटी SP ऋत्विक श्रीवास्तव ने बताया कि लापता होने की सूचना शाम को मिली थी, जिसके बाद जांच शुरू हुई। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से खून के नमूने और फिंगरप्रिंट्स इकट्ठा किए। पुलिस ने मुख्य आरोपी कृष रवानी के पिता जयराम रवानी, मौसी आलोमानी देवी सहित 4 लोगों को गिरफ्तार कर लिया है।

बेटे की लव मैरिज से नाखुश थे पिता

एसपी के अनुसार इस घटना को प्रेमी के पिता ने अपने 6 सहयोगियों के साथ अंजाम दिया जिसमें प्रेमी की मौसी भी शामिल थी। पुलिस के अनुसार बेटे के इस प्रेम विवाह से कातिल पिता नाखुश थे क्योंकि वह इस लड़की के परिवार को अपने स्टेटस के सामने शून्य मान रहे थे। युवक का पिता पैसे वाला था और वह चाहते थे कि बेटे की शादी अपने स्टेटस के परिवार से हो।

घटनास्थल पर छूट गया था मौसी का चप्पल

लड़की के कारण ही उनका बेटा जेल भी गया था जिससे समाज में इनकी थू-थू हुई थी। इसी वजह से उन्होंने एक प्लान के तहत इस घटना को अंजाम दिया। कहते हैं ना कि एक छोटी सी गलती जुर्म को खोल कर रख देती है। घटना को अंजाम देने के बाद घटना में संलिप्त मौसी की चप्पल घटनास्थल पर छूट गई जिसने पूरा घटना को खोल कर रख दिया।

जांच में जुटी फॉरेंसिक टीम

फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से खून के नमूने, फिंगरप्रिंट्स और अन्य साक्ष्य जुटाए हैं। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने आरोपियों से पूछताछ शुरू कर दी है और जल्द चार्जशीट दाखिल करने की तैयारी है।

वहीं, जमशेदपुर में टाटा स्टील के पूर्व अधिकारी की 10वीं मंजिल से गिरकर मौत हो गई। 62 वर्षीय संदीप पाल अपनी बेटी की पढ़ाई को लेकर चिंतित थे।

(रिपोर्ट- कुंदन सिंह)

यह भी पढ़ें-

बच गई वकील की जान, ठिकाने लगाने की थी पूरी तैयारी, वारदात से पहले पुलिस ने अपराधियों को पकड़ा

26 साल की मां ने पहले आग लगाई, फिर 8 महीने के मासूम को सीने से लगाकर कूद गई; खौफनाक था मंजर





Source link

Write A Comment