Last Updated:

Chhattisgarh Dish Recipe: जब सब्जी अच्छी तरह पक जाती है, तब उसे एक प्लेट में निकालकर रख लें. इसके बाद तड़का तैयार किया जाता है. तड़के के लिए कड़ाही में दोबारा तेल गर्म करें और फिर उसमें सरसों, लहसुन और मिर्च डालें.

रायपुर. गर्मी के मौसम में लोग ऐसी चीजें खाना पसंद करते हैं, जो स्वादिष्ट होने के साथ हल्की, पौष्टिक और आसानी से पचने वाली हों. छत्तीसगढ़ की पारंपरिक रसोई में कई ऐसी रेसिपी मौजूद हैं, जो मौसम के अनुसार शरीर को ऊर्जा देने का काम करती हैं. इन्हीं में से एक है लाल भाजी, देसी बड़ी और बैंगन की मिक्स लपेटेदार सब्जी. गृहिणी अन्नू नायक ने लोकल 18 के साथ इस खास सब्जी को आसान तरीके से बनाने की विधि साझा की है. उनका कहना है कि यह सब्जी गर्मी के दिनों में गांव और शहर दोनों जगहों पर काफी पसंद की जाती है क्योंकि इसमें देसी स्वाद के साथ भरपूर पोषण भी मिलता है.

अन्नू नायक के अनुसार, इस रेसिपी को बनाने के लिए सबसे पहले ताजी लाल भाजी को बारीक काटकर अच्छी तरह साफ पानी से धो लिया जाता है. इसके बाद बैंगन को काटकर धोते हैं और एक से दो टमाटर भी काटकर तैयार रख लेते हैं. फिर कड़ाही में तेल गर्म कर छत्तीसगढ़ की देसी बड़ी को गोल्डन ब्राउन होने तक अच्छे से भून लिया जाता है. बड़ी के भुनने के बाद उसी में लाल भाजी, बैंगन और टमाटर डाल दिए जाते हैं. स्वाद अनुसार नमक डालकर इसे धीमी आंच में पकाया जाता है ताकि सब्जियां अच्छे से गल जाएं और उनका स्वाद एक-दूसरे में मिल जाए.

कड़ाही में तड़के की तैयारी
उन्होंने कहा कि जब सब्जी अच्छी तरह पक जाती है, तब उसे एक प्लेट में निकालकर अलग रख लिया जाता है. इसके बाद तड़का तैयार किया जाता है. तड़के के लिए कड़ाही में दोबारा तेल गर्म कर उसमें सरसों, लहसुन और मिर्च डाली जाती है. जब तड़के से खुशबू आने लगती है, तब तैयार सब्जी को उसमें डालकर अच्छी तरह मिलाया जाता है. इस देसी तड़के से सब्जी का स्वाद और भी लाजवाब हो जाता है.

शरीर को ठंडक देती है लाल भाजी
उन्होंने आगे कहा कि लाल भाजी शरीर को ठंडक देने वाली सब्जियों में गिनी जाती है. वहीं बैंगन और देसी बड़ी स्वाद के साथ प्रोटीन और जरूरी पोषक तत्व भी प्रदान करते हैं. गर्मी के दिनों में हल्के मसालों के साथ बनी यह सब्जी खाने में स्वादिष्ट होती है और घर के सभी लोग इसे पसंद करते हैं. छत्तीसगढ़ के ज्यादातर घरों में आज भी पारंपरिक तरीके से ऐसी देसी सब्जियां बनाई जाती हैं, जो मौसम के अनुसार शरीर को संतुलित रखने में मदद करती हैं.

About the Author

Rahul Singh

राहुल सिंह पिछले 10 साल से खबरों की दुनिया में सक्रिय हैं. टीवी से लेकर डिजिटल मीडिया तक के सफर में कई संस्थानों के साथ काम किया है. पिछले चार साल से नेटवर्क 18 समूह में जुड़े हुए हैं.



Source link

Write A Comment