दुबई में खेले जा रहे महिला टी20 एशिया कप 2026 में भारतीय महिला टीम का ग्रुप-ए में उनका तीन सितंबर को सामना दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में हांगकांग चाइना की टीम से हुआ। इस मैच में टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय महिला टीम ने 20 ओवर्स में 5 विकेट के नुकसान पर 193 रनों का स्कोर बनाया और उसके बाद मुकाबले को 137 रनों से अपने नाम करने में कामयाब रही। इस मैच में जीत के साथ भारतीय महिला टीम ने सेमीफाइनल में अपनी जगह भी पक्की कर ली जिसको लेकर कप्तान हरमनप्रीत कौर ने टीम के प्रदर्शन को लेकर अपनी खुशी को जाहिर किया, तो वहीं अभी टीम इंडिया को ग्रुप स्टेज में एक मुकाबला और खेलना है जिसमें उसका सामना 5 सितंबर को पाकिस्तानी महिला टीम से होगा और उस मैच को लेकर भी कप्तान हरमन का बड़ा बयान सामने आया है।
एक टीम के तौर पर हमने जो चाहा था, वह हासिल किया
भारतीय महिला टीम ने ग्रुप-ए में अपना पहला मुकाबला थाईलैंड महिला टीम के खिलाफ खेला था, जिसमें बल्लेबाजों का उम्मीद के अनुसार प्रदर्शन देखने को नहीं मिला था लेकिन टीम इंडिया उस मैच को आसानी से जीतने में कामयाब रही थी। वहीं हांगकांग चाइना की टीम के खिलाफ मैच में बल्लेबाजों का शानदार प्रदर्शन देखने को मिला जिसको लेकर कप्तान हरमनप्रीत कौर ने मुकाबला खत्म होने के बाद अपने बयान में भी जिक्र किया और उन्होंने कहा कि मैं अच्छी बातों से शुरुआत करती हूं जिसमें स्मृति और शैफाली ने बहुत अच्छी बैटिंग की। हम इस मैच में मिडिल ओवर्स में बैटिंग करना चाहते थे ताकि यहां के हालात की आदत हो सके। आज की पिच पिछले मैच की पिच से बेहतर थी, लेकिन अहम बात यह है कि पिच पर कुछ समय बिताया जाए और इन हालात के हिसाब से ढला जाए, क्योंकि हमको यहां के हालात के बारे में अधिक जानकारी नहीं है फिर भी एक टीम के तौर पर हमने जो चाहा था वह हासिल किया। अगले मैच के लिए टीम लगभग तय है, लेकिन अगर कुछ बदलने की जरूरत हो या कोई और जिम्मेदारी लेना चाहे तो सोचने के लिए हमारे पास अभी एक और दिन है।
मैं शुक्रगुजार हूं कि ये खिलाड़ी मेरे देश के लिए खेलते हैं
हांगकांग चाइना की टीम के खिलाफ भारतीय महिला टीम की एकतरफा जीत में बल्ले से जहां स्मृति मंधाना का कमाल देखने को मिला तो वहीं गेंदबाजी में दीप्ति शर्मा ने जिम्मेदारी को संभाला। दोनों के प्रदर्शन को लेकर कप्तान हरमनप्रीत कौर ने उनकी तारीफ करने के साथ कहा कि एक कप्तान के तौर पर, मैं शुक्रगुजार हूं कि ये खिलाड़ी मेरे देश के लिए खेलते हैं और उनकी कप्तानी करना हमेशा एक शानदार मौका होता है। वहीं कप्तान हरमन ने हांगकांग चाइना की टीम को लेकर भी तारीफ की जिसमें उन्होंने कहा कि मुझे उनके बारे में एक बात बहुत पसंद है वह उनका मैदान पर उनके जश्न मनाने का तरीका। यह सीखने लायक बात है क्योंकि जब आप लगातार क्रिकेट खेलते हैं तो अक्सर मैदान पर मजा करना भूल जाते हैं।
ये भी पढ़ें
रोहित शर्मा को लेकर BCCI का बड़ा बयान, चीफ सेलेक्टर अजीत अगरकर आए ही नहीं
केएल, सिराज और पडिक्कल का दलीप ट्रॉफी फाइनल में दिखेगा जलवा! वैभव और ईशान पर सस्पेंस बरकरार