Mutton Masala Recipe: वीकेंड पर घर में कुछ ऐसा बनाने का मन हो, जो रोज की सब्जी से थोड़ा अलग हो और खाने की मेज पर आते ही सबका ध्यान खींच ले, तो पंजाबी स्टाइल मटन मसाला अच्छा विकल्प हो सकता है. इसमें मटन को सीधे मसाले में डालने के बजाय पहले दही और चुनिंदा मसालों के साथ मैरिनेट किया जाता है. यही छोटा-सा कदम मटन के स्वाद और टेक्सचर में बड़ा फर्क ला सकता है. इसके बाद प्याज, टमाटर, अदरक, लहसुन और साबुत मसालों से तैयार की गई गाढ़ी ग्रेवी में मटन को अच्छी तरह भुना जाता है. खास बात यह है कि इस रेसिपी में मसालों की लंबी सूची नहीं है.

घर में आसानी से मिलने वाले मसालों से ही भरपूर पंजाबी स्वाद तैयार किया जा सकता है. अंत में कसूरी मेथी, गरम मसाला और चाट मसाला इसका स्वाद और निखार देते हैं.

ऐसे तैयार करें पंजाबी स्टाइल मटन मसाला

मटन को पहले करें मैरिनेट

इस रेसिपी के लिए करीब 1 किलो मटन लिया गया है, जिसमें नली और चाप के पीस इस्तेमाल किए जा सकते हैं. सबसे पहले मटन में 200 ग्राम गाढ़ा और कम खट्टा दही डालें. इसके साथ एक चम्मच हल्दी, आधा चम्मच भुना जीरा पाउडर, दो बड़े चम्मच कश्मीरी लाल मिर्च, दो चम्मच धनिया पाउडर और स्वादानुसार नमक डालकर अच्छी तरह मिलाएं. कोशिश करें कि मसाला मटन के हर पीस पर अच्छी तरह कोट हो जाए. इसे करीब 15 से 20 मिनट के लिए अलग रख दें.

अब ग्रेवी की तैयारी शुरू करें. कढ़ाई में दो से तीन चम्मच सरसों का तेल डालकर अच्छी तरह गर्म करें, ताकि उसका कच्चापन निकल जाए. इसमें सूखी लाल मिर्च, बड़ी इलायची, हरी इलायची, जावित्री, काली मिर्च, चक्र फूल, लौंग और जीरा डालकर कुछ देर भूनें. इसके बाद करीब 20 लहसुन की कलियां, दो इंच अदरक और पांच हरी मिर्च डालकर एक से दो मिनट तक भूनें.

प्याज-टमाटर से बनाएं गाढ़ी ग्रेवी

अब चार मोटे कटे प्याज डालें और थोड़ा नमक मिलाकर तेज आंच पर करीब पांच मिनट तक भूनें. प्याज का कच्चापन खत्म होने के बाद दो टमाटर डालें. कम खट्टे टमाटर इस्तेमाल करने से ग्रेवी का स्वाद संतुलित रहता है. अगर ऐसे टमाटर उपलब्ध न हों तो सामान्य देसी टमाटर भी लिए जा सकते हैं.

प्याज और टमाटर को ढककर धीमी आंच पर करीब 10 मिनट पकाएं. जब दोनों अच्छी तरह गल जाएं, तो मिश्रण को ठंडा करके बिना ज्यादा पानी डाले स्मूद पेस्ट बना लें.

अब हांडी वाले कुकर में आधा कप सरसों का तेल गर्म करें. दो तेजपत्ता डालकर तैयार ग्रेवी पेस्ट मिलाएं और करीब पांच मिनट तक भूनें. ग्रेवी से तेल अलग दिखाई देने लगे तो समझिए मसाला अच्छी तरह पक चुका है.

सेहत, रिलेशनशिप, लाइफ या धर्म-ज्योतिष से जुड़ी है कोई निजी उलझन तो हमें करें WhatsApp, आपका नाम गोपनीय रखकर देंगे जानकारी.

इसके बाद मैरिनेट किया हुआ पूरा मटन और बचा हुआ मैरिनेशन मसाला कुकर में डालें. तेज आंच पर करीब 15 मिनट तक मटन को मसाले के साथ अच्छी तरह भूनें. इस दौरान मटन पर मसाले की अच्छी परत चढ़ जाएगी और ऊपर तेल भी नजर आने लगेगा. इसके बाद एक कप से थोड़ा कम गर्म पानी डालें और नमक को स्वाद के अनुसार समायोजित करें. कुकर बंद करके तेज आंच पर एक सीटी आने दें. फिर आंच धीमी कर करीब 10 मिनट तक पकाएं. गैस बंद करने के बाद कुकर का प्रेशर अपने आप निकलने दें.

आखिर में डालें ये खास मसाले

कुकर खोलने के बाद इसमें आधा चम्मच गरम मसाला, आधा चम्मच कसूरी मेथी और आधे चम्मच से थोड़ा कम चाट मसाला डालें. ऊपर से बारीक कटा हरा धनिया डालकर अच्छी तरह मिलाएं. चाट मसाला ग्रेवी में हल्का चटपटा स्वाद लाता है, जबकि कसूरी मेथी इसकी खुशबू बढ़ाती है.



Source link

Write A Comment