Last Updated:
Kheera Chaas Recipe: खीरे की तड़का छाछ गर्मी के लिए एक बढ़िया, हल्का और स्वाद से भरपूर ड्रिंक है. इसे बनाना आसान है और ये खाने को भी मजेदार बना देती है. रोज के खाने से बोर हो गए हैं तो ये रेसिपी जरूर ट्राई करें.
खीरा छाछ रेसिपी
Kheera Chaas Recipe: गर्मी का मौसम आते ही खाने-पीने की आदतें खुद बदलने लगती हैं. भारी खाना देखकर मन पीछे हट जाता है और कुछ ठंडा, हल्का और ताजगी भरा खाने का मन करता है. रोज की दाल-रोटी या सब्जी कई बार इतनी रूटीन लगने लगती है कि लंच टाइम भी एक्साइटिंग नहीं रहता. ऐसे में अगर आपको एक ऐसा ऑप्शन मिल जाए जो स्वाद में भी जबरदस्त हो और शरीर को ठंडक भी दे, तो बात ही कुछ और हो जाती है. खीरे की तड़का छाछ ठीक ऐसा ही एक देसी और आसान ड्रिंक है, जो गर्मी में आपके खाने को नया ट्विस्ट दे सकता है.
खीरा अपने कूलिंग असर के लिए जाना जाता है और जब इसे छाछ के साथ मिलाया जाता है, तो ये कॉम्बिनेशन और भी असरदार हो जाता है. ऊपर से हींग और जीरे का तड़का इस साधारण छाछ को एकदम अलग लेवल पर ले जाता है, अगर आप भी कुछ नया ट्राई करना चाहते हैं जो जल्दी बने, हेल्दी हो और पीने में मजेदार लगे, तो ये खीरे की तड़का छाछ आपके लिए परफेक्ट चॉइस है.
खीरे की तड़का छाछ बनाने के लिए जरूरी चीजें
-1 कप गाढ़ा दही (या 2 गिलास छाछ)
-1 मध्यम खीरा (कद्दूकस किया हुआ)
-काला नमक स्वाद के हिसाब से
-आधा छोटा चम्मच भुना जीरा पाउडर
-पुदीने की पत्तियां (बारीक कटी)
तड़के के लिए
-1 छोटा चम्मच घी या तेल
-आधा चम्मच जीरा
-एक चुटकी हींग
-4-5 करी पत्ते
-1 साबुत सूखी लाल मिर्च
बनाने का आसान तरीका
सबसे पहले दही को एक बाउल में लेकर अच्छे से फेंट लें. अब इसमें ठंडा पानी मिलाकर छाछ तैयार कर लें. ध्यान रखें कि छाछ न ज्यादा पतली हो और न ज्यादा गाढ़ी. अब इसमें कद्दूकस किया हुआ खीरा डालें. खीरे का पानी न निकालें, इससे छाछ का स्वाद और बढ़ेगा. इसके बाद काला नमक, भुना जीरा पाउडर और पुदीना डालकर सब कुछ अच्छे से मिक्स कर लें.
अब बारी है तड़के की, जो इस छाछ को खास बनाता है. एक छोटे पैन में घी गरम करें. उसमें जीरा डालें, जब जीरा चटकने लगे तो हींग, करी पत्ते और सूखी लाल मिर्च डाल दें. जैसे ही तड़का तैयार हो जाए, उसे तुरंत छाछ के ऊपर डाल दें और बर्तन को ढक दें. इससे तड़के की खुशबू अंदर तक समा जाती है. अब आपकी ठंडी-ठंडी खीरे की तड़का छाछ तैयार है. इसे लंच या डिनर के साथ सर्व करें और स्वाद का मजा लें.
क्यों है ये छाछ खास?
खीरे में पानी की मात्रा ज्यादा होती है, जो शरीर को हाइड्रेट रखने में मदद करता है. छाछ पेट को हल्का रखती है और गर्मी में पाचन को आसान बनाती है. जब इसमें पुदीना और जीरा मिलते हैं, तो इसका टेस्ट भी बढ़ जाता है और ये और ज्यादा रिफ्रेशिंग लगती है, अगर आप गर्मी में बार-बार थकान महसूस करते हैं या भूख कम लगती है, तो ये छाछ आपके लिए एक अच्छा ऑप्शन बन सकती है.
About the Author
मीडिया इंडस्ट्री में 8+ साल का अनुभव, ABP, NDTV, दैनिक जागरण और इंडिया न्यूज़ जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों से जुड़कर काम किया। लाइफस्टाइल, धर्म और संस्कृति की कहानियों को रोचक अंदाज़ में प्रस्तुत करने का खास हुनर।…और पढ़ें