Last Updated:
गर्मियों में 1.5 टन के एसी का बिजली बिल आपकी जेब पर भारी पड़ सकता है, लेकिन यदि आपने एसी खरीदते समय सही चुनाव किया तो गर्मियां आपकी जेब पर भारी नहीं पड़ेंगी. आमतौर पर लोग 3 स्टार और 5 स्टार एसी के बीच बिजली खपत और खर्च के अंतर को समझ नहीं पाते. दुकानदार भी ग्राहकों को कुछ भी कहकर वो प्रोडक्ट बेचने की कोशिश करते हैं, जिसमें उन्हें ज्यादा मुनाफा नजर आता है. लेकिन एक ग्राहक के तौर पर आपको तमाम चीजें पहले ही जान लेनी चाहिए, ताकि आपका फैसला आपकी जानकारी पर आधारित हो, न कि किसी दुकानदार के बहकावे पर. तो चलिए बताते हैं कि 3 स्टार और 5 स्टार एसी कितनी बिजली की खपत करते हैं.
गर्मियों की तपिश बढ़ते ही हम सबके घरों में एयर कंडीशनर चलने शुरू हो जाते हैं. जिनके घरों में एसी नहीं होते, वे भी नया एसी खरीदने के बारे में सोचने लगते हैं. भारी गर्मी के बीच यदि एसी की ठंडी और राहत देने वाली हवा मिल जाए तो उसका फील ही अलग होता है. लेकिन एक टेंशन हमेशा बनी रहती है – बिजली का बिल. जब लोग नया एसी लेने जाते हैं तो शोरूम में खड़े-खड़े इस उलझन में फंसे रहते हैं कि 1.5 टन का एसी तो लेना है, लेकिन 3 स्टार लें या 5 स्टार? क्या सच में कुछ हजार रुपये एक्स्ट्रा देकर 5 स्टार लेना अकलमंदी है या यह सिर्फ मार्केटिंग का एक पैंतरा है? अगर आप भी इस महीने एसी चलाने या नया खरीदने का मन बना रहे हैं, तो रुकिए और इस गणित को थोड़ा गहराई से समझ लीजिए, क्योंकि यह छोटा-सा फैसला आपकी पॉकेट पर असर डाल सकता है.
एसी की बिजली खपत को समझने का सबसे आसान तरीका उसकी रेटिंग और वाटेज को देखना है, जिसे एक्सपर्ट्स ISEER रेटिंग भी कहते हैं. आसान भाषा में कहें तो रेटिंग जितनी ज्यादा होगी, आपकी मशीन उतनी ही कम बिजली पिएगी. एक सामान्य 5 स्टार रेटिंग वाले 1.5 टन एसी का वाटेज लगभग 1,500 से 1,600 के बीच होता है, जिसका मतलब है कि यह एक घंटे में करीब 1.5 यूनिट बिजली खर्च करता है. वहीं अगर आप 3 स्टार एसी को देखें, तो उसका वाटेज 1,700 से 1,800 के आसपास रहता है, जो हर घंटे लगभग 1.75 यूनिट की खपत करता है. पहली नजर में यह 0.25 यूनिट का फर्क बहुत मामूली लगता है, लेकिन असल खेल तब शुरू होता है जब एसी घंटों तक चलता रहता है. और एसी तो कम से कम 10 घंटे या फिर उससे ज्यादा भी चलता ही है.
चलिए अब इस फर्क को रुपयों में तोल कर देखते हैं, ताकि बात बिल्कुल साफ हो जाए. मान लीजिए कि गर्मी के मौसम में आपका एसी रोजाना 12 घंटे चलता है. इस हिसाब से 5 स्टार एसी एक दिन में 18 यूनिट और पूरे महीने में करीब 540 यूनिट बिजली की खपत करेगा. अगर हम बिजली की औसत दर 8 रुपये प्रति यूनिट भी मान लें, तो आपके महीने का खर्चा लगभग 4,320 रुपये बैठता है. यह वह कीमत है जो आप अपनी सुख-सुविधा के लिए हर महीने चुकाते हैं, लेकिन 3 स्टार एसी के मामले में यह कहानी थोड़ी महंगी हो जाती है.
Add News18 as
Preferred Source on Google
वही 12 घंटे का समय अगर 3 स्टार एसी के साथ बिताया जाए, तो वह रोजाना 21 यूनिट बिजली खींच लेगा जिससे महीने भर का आंकड़ा 630 यूनिट तक पहुंच जाता है. 8 रुपये प्रति यूनिट के हिसाब से इसका मासिक बिल 5,040 रुपये बनेगा. इसका सीधा मतलब यह है कि 3 स्टार एसी चलाने पर आप हर महीने 720 रुपये ज्यादा दे रहे हैं. अगर आप साल के सिर्फ 7 महीने भी एसी चलाते हैं, तो 3 स्टार एसी आपके बजट पर करीब 5,040 रुपये का एक्स्ट्रा बोझ डाल देता है, जो कि एक बड़ी रकम है.
बिजली के बिल को कंट्रोल करने के लिए सिर्फ मशीन की रेटिंग ही काफी नहीं है, बल्कि आपके चलाने का तरीका भी बहुत मायने रखता है. बिजली बचाने का सबसे सॉलिड मंत्र है एसी को 24 से 26 डिग्री सेल्सियस के बीच चलाना. जानकारों का मानना है कि आप हर एक डिग्री तापमान बढ़ाकर लगभग 6 प्रतिशत बिजली की बचत कर सकते हैं. इसके अलावा कमरे की सीलिंग और खिड़की-दरवाजों का एयर-टाइट होना भी जरूरी है, ताकि ठंडी हवा बाहर न निकले और कंप्रेसर पर ज्यादा दबाव न पड़े.
एसी की उम्र लंबी रखने और बिल को काबू में रखने के लिए समय पर सर्विसिंग कराना भी बेहद जरूरी है. गंदे फिल्टर और पुरानी गैस के कारण एसी को कमरा ठंडा करने में ज्यादा मेहनत करनी पड़ती है, जिससे बिजली की खपत बढ़ जाती है. अक्सर लोग सर्विसिंग के पैसे बचाने के चक्कर में बिजली के बिल में हजारों रुपये लुटा देते हैं. इसलिए मौसम शुरू होने से पहले एक बार प्रोफेशनल चेकअप कराना हमेशा फायदेमंद रहता है ताकि एसी स्मूद चले और जेब पर भारी न पड़े.
जब आप बाजार में एसी खरीदने जाते हैं, तो आप पाएंगे कि 5 स्टार एसी की कीमत 3 स्टार के मुकाबले लगभग 5,000 से 10,000 रुपये तक ज्यादा हो सकती है. शुरुआती तौर पर यह महंगा सौदा लग सकता है, लेकिन अगर आप अगले 5-7 सालों का हिसाब लगाएं, तो बिजली की बचत के जरिए यह एक्स्ट्रा पैसा महज एक या दो साल के भीतर ही वसूल हो जाता है.
आज के दौर में इन्वर्टर एसी को सबसे स्मार्ट चॉइस माना जाता है, क्योंकि यह कमरे के तापमान के हिसाब से अपनी स्पीड कम या ज्यादा कर लेता है. अगर आपका इस्तेमाल दिन में 8-10 घंटे से ज्यादा है, तो 5 स्टार इन्वर्टर एसी की तरफ जाना ही समझदारी है. यह न सिर्फ आपको चिलचिलाती गर्मी से राहत देगा, बल्कि महीने के आखिर में बिजली बिल का झटका भी नहीं लगने देगा. (Image – AI)