Dal Muradabadi Recipe: भारतीय रसोई में दाल सिर्फ एक व्यंजन नहीं बल्कि रोजमर्रा के भोजन का अहम हिस्सा है. लगभग हर घर में किसी न किसी रूप में दाल बनती ही है, लेकिन अगर आप एक जैसी तड़का दाल खाकर थोड़ा बदलाव चाहते हैं तो उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद की मशहूर दाल मुरादाबादी आपके स्वाद को नया अनुभव दे सकती है. खास बात यह है कि इसे पारंपरिक तरीके से रोटी या चावल के साथ नहीं, बल्कि चटपटी स्ट्रीट फूड डिश की तरह कुल्हड़ में परोसा जाता है.

ऊपर से मक्खन, प्याज, हरी चटनी, नींबू और कुरकुरी पापड़ी का तड़का इसे एक अलग ही पहचान देता है. यही वजह है कि मुरादाबाद से लेकर दिल्ली-एनसीआर तक इसकी लोकप्रियता लगातार बढ़ती जा रही है. स्वाद और सेहत का यह अनोखा मेल घर पर भी आसानी से तैयार किया जा सकता है.

मुरादाबाद की पहचान बन चुकी है यह खास दाल
उत्तर प्रदेश का मुरादाबाद शहर अपने पीतल उद्योग के लिए दुनियाभर में जाना जाता है, लेकिन खाने-पीने के शौकीनों के बीच दाल मुरादाबादी की पहचान भी किसी से कम नहीं है. साधारण मूंग दाल से बनने वाली यह डिश दिखने में भले ही सरल लगे, लेकिन इसकी सर्विंग और स्वाद इसे खास बनाते हैं. शहर की गलियों में कुल्हड़ में परोसी जाने वाली यह दाल लोगों को चाट जैसा अनुभव देती है. गर्मागर्म दाल के ऊपर मक्खन की परत, चटपटे मसाले और कुरकुरे टॉपिंग्स मिलकर ऐसा स्वाद तैयार करते हैं जिसे एक बार खाने के बाद भूलना मुश्किल होता है.

स्वाद के साथ सेहत का भी शानदार मेल
दाल मुरादाबादी सिर्फ स्वाद के लिए ही पसंद नहीं की जाती, बल्कि यह हल्की और पौष्टिक भी मानी जाती है. मूंग दाल प्रोटीन, फाइबर और जरूरी पोषक तत्वों का अच्छा स्रोत है. गर्मियों में भी यह पेट पर भारी नहीं पड़ती, इसलिए कई लोग इसे शाम के स्नैक या हल्के भोजन के रूप में पसंद करते हैं.

दाल मुरादाबादी बनाने के लिए जरूरी सामग्री
एक कप धुली मूंग दाल, 3.5 से 4 कप पानी, एक बड़ा चम्मच कद्दूकस किया हुआ अदरक, दो बारीक कटी हरी मिर्च, डेढ़ छोटा चम्मच हींग, स्वादानुसार नमक और एक चुटकी हल्दी पाउडर. टॉपिंग के लिए अमूल बटर या देसी घी, भुना जीरा पाउडर, काला नमक, चाट मसाला, पीली या कुटी लाल मिर्च, तीखी हरी चटनी, बारीक कटी प्याज, हरा धनिया, नींबू का रस और क्रश की हुई पापड़ी या दालमोठ की जरूरत होगी.

सेहत, रिलेशनशिप, लाइफ या धर्म-ज्योतिष से जुड़ी है कोई निजी उलझन तो हमें करें WhatsApp, आपका नाम गोपनीय रखकर देंगे जानकारी.

ऐसे बनाएं असली दाल मुरादाबादी
पहला स्टेप: दाल को अच्छी तरह पकाएं
सबसे पहले मूंग दाल को धोकर लगभग 30 मिनट के लिए भिगो दें. इसके बाद प्रेशर कुकर में दाल, पानी, अदरक, हरी मिर्च, हींग, नमक और हल्दी डालकर 3 से 4 सीटी आने तक पकाएं. दाल पूरी तरह मुलायम होनी चाहिए.

दूसरा स्टेप: दाल को घोटना न भूलें
दाल पकने के बाद कुकर खोलें और ऊपर आया झाग हटा दें. अब मथनी या कड़छी की मदद से दाल को अच्छी तरह घोटें. यही प्रक्रिया इसकी असली पहचान है. दाल जितनी स्मूद और क्रीमी होगी, स्वाद उतना ही बेहतर आएगा.

तीसरा स्टेप: धीमी आंच पर दें अंतिम पकाव
घोटी हुई दाल को फिर से धीमी आंच पर 8 से 10 मिनट तक पकाएं. इससे दाल का टेक्सचर और भी मलाईदार हो जाएगा. जरूरत लगे तो थोड़ा उबलता पानी मिलाकर इसकी कंसिस्टेंसी एडजस्ट कर सकते हैं.

कुल्हड़ में सर्व करने से आता है असली मजा
जब दाल तैयार हो जाए तो इसे मिट्टी के कुल्हड़ या गहरे बाउल में निकालें. ऊपर से भरपूर मक्खन या घी डालें. फिर भुना जीरा, काला नमक, चाट मसाला और मिर्च पाउडर छिड़कें. इसके बाद हरी चटनी, प्याज, हरा धनिया और नींबू का रस डालें. आखिर में क्रश की हुई पापड़ी या दालमोठ डालकर तुरंत सर्व करें. गर्मागर्म दाल और कुरकुरी टॉपिंग का यह मेल हर चम्मच में अलग स्वाद देता है. यही वजह है कि दाल मुरादाबादी आज सिर्फ एक स्थानीय डिश नहीं बल्कि देशभर में पसंद किया जाने वाला लोकप्रिय स्ट्रीट फूड बन चुकी है.



Source link

Write A Comment