Suji Upma Recipe: सुबह का समय अक्सर भागदौड़ से भरा होता है. ऐसे में हर कोई चाहता है कि नाश्ता ऐसा हो जो जल्दी बन जाए, पेट भी भर दे और सेहत के लिए भी अच्छा हो. लेकिन रोजाना पोहा, पराठा या ब्रेड खाकर कई लोग बोर हो जाते हैं. अगर आप भी अपने मॉर्निंग ब्रेकफास्ट में कुछ नया ट्राई करना चाहते हैं, तो सूजी से बनने वाला यह खास वेजिटेबल उपमा आपके लिए बढ़िया ऑप्शन हो सकता है. इस रेसिपी की सबसे खास बात यह है कि इसे बनाने में ज्यादा मेहनत नहीं लगती और यह सिर्फ 10 मिनट में तैयार हो जाता है. सांभर मसाले का अनोखा ट्विस्ट इसे आम उपमा से बिल्कुल अलग स्वाद देता है.

साथ ही इसमें इस्तेमाल होने वाली रंग-बिरंगी सब्जियां इसे पोषण से भरपूर बनाती हैं. अगर आपके घर में बच्चे सब्जियां खाने से बचते हैं, तो यह रेसिपी उनके लिए भी शानदार है. सही मात्रा में पानी और सूजी का इस्तेमाल करके आप घर पर ही बाजार जैसा खिला-खिला और स्वादिष्ट उपमा बना सकते हैं.

10 मिनट में बनाएं हेल्दी वेजिटेबल उपमा
अगर आप ऐसा नाश्ता ढूंढ रहे हैं जो स्वाद और सेहत दोनों का सही मेल हो, तो यह वेजिटेबल उपमा जरूर ट्राई करें. इसमें सूजी, दाल, सब्जियां और हल्के मसालों का बेहतरीन कॉम्बिनेशन मिलता है.

तड़के से बढ़ेगा स्वाद
सबसे पहले एक कड़ाही में 2 से 3 चम्मच देसी घी गरम करें. अब इसमें एक-एक छोटा चम्मच चना दाल और सफेद उड़द दाल डालें. इसके बाद राई, जीरा और एक चुटकी हींग डालकर भूनें. अब कुछ करी पत्ते, सूखी लाल मिर्च और काजू या मूंगफली के दाने डालें. जब दाल और काजू हल्के सुनहरे होने लगें, तब आगे की तैयारी शुरू करें.

प्याज और अदरक का फ्रेश फ्लेवर
कड़ाही में बारीक कटा प्याज और हरी मिर्च डालें. प्याज को ज्यादा पकाने की जरूरत नहीं है. इसे सिर्फ हल्का गुलाबी होने तक भूनें. इसके बाद कद्दूकस किया हुआ ताजा अदरक डालें. अदरक उपमा के स्वाद को और बेहतर बनाता है और इसकी खुशबू भी शानदार लगती है.

सेहत, रिलेशनशिप, लाइफ या धर्म-ज्योतिष से जुड़ी है कोई निजी उलझन तो हमें करें WhatsApp, आपका नाम गोपनीय रखकर देंगे जानकारी.

मनपसंद सब्जियों का करें इस्तेमाल
अब बारीक कटी गाजर और शिमला मिर्च डालें. चाहें तो इसमें हरी मटर, बीन्स या कॉर्न भी मिला सकते हैं. सब्जियों को तेज आंच पर 2 से 3 मिनट तक पकाएं, ताकि उनका क्रंच बना रहे. इसके बाद पीसा हुआ टमाटर डालकर अच्छी तरह मिला लें.

सांभर मसाले का खास ट्विस्ट
अब कड़ाही में धनिया पाउडर, लाल मिर्च पाउडर, हल्दी और एक छोटा चम्मच सांभर मसाला डालें. यही मसाला इस रेसिपी को खास बनाता है. सांभर मसाला उपमा को साउथ इंडियन फ्लेवर देता है, जिससे इसका स्वाद कई गुना बढ़ जाता है. मसालों को तब तक भूनें, जब तक उनसे अच्छी खुशबू न आने लगे.

पानी का सही माप है सबसे जरूरी
अब कड़ाही में 3 कप पानी और स्वादानुसार नमक डालें. उपमा को खिला-खिला बनाने का सबसे बड़ा राज पानी और सूजी का सही अनुपात है. अगर आप 1 कप सूजी ले रहे हैं, तो उसमें 3 कप पानी का इस्तेमाल करें. इससे उपमा न ज्यादा सूखा बनेगा और न ही चिपचिपा होगा.

उबलते पानी में सूजी डालने की ट्रिक
जब पानी में तेज उबाल आने लगे, तब गैस की आंच धीमी कर दें. अब भुनी हुई सूजी को थोड़ा-थोड़ा करके डालें और दूसरी तरफ कड़छी को लगातार चलाते रहें. इस आसान ट्रिक से सूजी में गांठें नहीं बनेंगी और उपमा एकदम मुलायम और खिला-खिला बनेगा.
सूजी डालने के बाद कड़ाही को ढक दें और 2 मिनट तक धीमी आंच पर पकने दें. कुछ ही देर में आपका स्वादिष्ट उपमा तैयार हो जाएगा. आखिर में ऊपर से बारीक कटा हरा धनिया और थोड़ा नींबू का रस डालें. गरमा-गरम परोसें और अपने दिन की शुरुआत हेल्दी अंदाज में करें.



Source link

Write A Comment