Onion Chutney Recipe: रोज एक जैसा खाना खाते-खाते अक्सर लोगों का स्वाद बदलने का मन करता है. दाल, सब्जी और रोटी भले ही हमारी थाली का अहम हिस्सा हों, लेकिन कभी-कभी कुछ चटपटा और अलग खाने का मन जरूर करता है. ऐसे में अगर कोई ऐसी रेसिपी मिल जाए जो कम समय में तैयार हो जाए और खाने का स्वाद कई गुना बढ़ा दे, तो बात ही अलग हो जाती है. इन दिनों सोशल मीडिया पर एक तमिल स्टाइल प्याज की तीखी चटनी खूब चर्चा में है. इस चटनी को तमिल शेफ शेरोन ने शेयर किया है और लोग इसे काफी पसंद कर रहे हैं. इसकी खासियत सिर्फ इसका स्वाद नहीं है, बल्कि इसे बनाने का आसान तरीका भी है.

घर में मौजूद आम चीजों से यह चटनी करीब 10 मिनट में तैयार हो जाती है. भुनी मूंगफली, प्याज, लहसुन और मसालों का मेल इसे बेहद स्वादिष्ट बनाता है. चाहे इडली हो, डोसा हो, चावल हो या पराठा, यह चटनी हर चीज के साथ शानदार लगती है, अगर आप भी कुछ नया ट्राई करना चाहते हैं, तो यह वायरल रेसिपी आपके लिए एक बढ़िया विकल्प साबित हो सकती है.

मिक्सर जार में तैयार करें स्वाद का बेस
इस चटनी को बनाने के लिए सबसे पहले एक मिक्सर जार लें. इसमें दो बड़े कटे हुए प्याज डालें. इसके बाद तीन हरी मिर्च, 10 लहसुन की कलियां, थोड़ा सा ताजा करी पत्ता और हरा धनिया मिलाएं. अब इसमें आधा कप भुनी हुई मूंगफली डालें. मूंगफली इस रेसिपी का सबसे खास हिस्सा है. इससे चटनी को हल्का क्रीमी टेक्सचर मिलता है और स्वाद में गहराई आती है. साथ ही इसकी खुशबू भी काफी बढ़ जाती है.

मसालों के साथ करें दरदरी पिसाई
अब इसी जार में आधा चम्मच हल्दी, आधा चम्मच लाल मिर्च पाउडर और स्वाद के मुताबिक नमक डाल दें. यहां एक बात का खास ध्यान रखें कि इस मिश्रण को पूरी तरह बारीक पेस्ट नहीं बनाना है. मिक्सर को पल्स मोड में चलाएं और मिश्रण को थोड़ा दरदरा ही रखें. दरदरी पिसाई की वजह से खाते समय प्याज और मूंगफली का हल्का क्रंच महसूस होता है, जो इस चटनी को और भी खास बना देता है.

जीरा और सूखी मिर्च का शानदार तड़का
अब गैस पर एक पैन रखें और उसमें दो बड़े चम्मच तेल गर्म करें. जब तेल गर्म हो जाए तो उसमें आधा चम्मच जीरा और दो से तीन सूखी लाल मिर्च डालें. जैसे ही जीरा चटकने लगे और मिर्च की खुशबू आने लगे, समझ लीजिए कि तड़का तैयार है. यही तड़का चटनी के स्वाद को एक अलग पहचान देता है.

सेहत, रिलेशनशिप, लाइफ या धर्म-ज्योतिष से जुड़ी है कोई निजी उलझन तो हमें करें WhatsApp, आपका नाम गोपनीय रखकर देंगे जानकारी.

धीमी आंच पर भूनना है सबसे जरूरी स्टेप
अब मिक्सर में तैयार किया गया मिश्रण पैन में डाल दें. गैस की आंच धीमी रखें और लगातार चलाते हुए इसे 6 से 7 मिनट तक भूनें. यह स्टेप बहुत अहम है क्योंकि इसी दौरान प्याज और लहसुन की कच्ची गंध खत्म होती है. धीरे-धीरे चटनी का रंग गहरा होने लगता है और तेल किनारों पर दिखाई देने लगता है. यही संकेत है कि आपकी चटनी सही तरीके से पक रही है. भूनने के दौरान इसकी खुशबू पूरे किचन में फैल जाती है और देखने भर से खाने का मन करने लगता है.

स्वाद के हिसाब से करें बदलाव
जब चटनी गहरे लाल-भूरे रंग की हो जाए और अच्छी खुशबू आने लगे तो गैस बंद कर दें, अगर आपको ज्यादा तीखा पसंद है तो लाल मिर्च की मात्रा बढ़ा सकते हैं. वहीं कम तीखा खाने वाले लोग मिर्च कम भी कर सकते हैं. नमक भी अपने स्वाद के अनुसार एडजस्ट किया जा सकता है. यही वजह है कि यह रेसिपी हर घर के स्वाद के मुताबिक आसानी से ढल जाती है.

View this post on Instagram





Source link

Write A Comment