Highlights
- कर्ज की रकम वसूलने के नाम पर महिला को 4 दिन तक घर में बंधक रखा गया।
- आरोपियों ने 11 लाख रुपये मांगे, चाकू दिखाया और आपत्तिजनक वीडियो बनाए।
- सूचना मिलने पर 31 अगस्त को पुलिस ने महिला को घर से सुरक्षित बाहर निकाला।
बेंगलुरु: कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु में कर्ज की रकम वसूलने के नाम पर 30 साल की एक महिला के अपहरण, मारपीट और धमकी देने का मामला सामने आया है। आरोप है कि 4 लोगों ने महिला को 4 दिनों तक एक घर में बंधक बनाकर रखा और उसे अर्धनग्न अवस्था में वीडियो बनाकर पैसे के लिए धमकाया। पुलिस ने इस मामले में 4 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। मामला चंद्रा लेआउट थाना क्षेत्र का है। पुलिस ने शुक्रवार को अपहरण, गलत तरीके से बंधक बनाने, मारपीट और आपराधिक धमकी समेत कई धाराओं में केस दर्ज किया।
2 लोगों से लिया था डेढ़ लाख रुपये का कर्ज
पुलिस के मुताबिक, महिला ने करीब 2 साल पहले नजाथ बेगम से साप्ताहिक किस्त पर 50 हजार रुपये और रेशमा बानू से मासिक ब्याज पर 1 लाख रुपये उधार लिए थे। महिला ने शिकायत में बताया कि आर्थिक परेशानी के कारण वह पिछले कुछ हफ्तों से किस्त नहीं चुका पा रही थी। महिला का आरोप है कि 27 अगस्त 2026 को नजाथ बेगम ने उसे काम और पैसे दिलाने के बहाने मेट्रो लेआउट स्थित अपने घर बुलाया। शाम करीब 5:30 बजे महिला अपने नाबालिग बेटे के साथ वहां पहुंची थी।
’11 लाख रुपये मांगे, चाकू दिखाकर धमकाया’
आरोप है कि रेशमा बानू, उसके पति सुहेल और दो अन्य लोग घर में घुस आए और दरवाजा बंद कर महिला के साथ मारपीट की। महिला के मुताबिक, आरोपियों ने ब्याज समेत कुल 11 लाख रुपये चुकाने का दबाव बनाया और चाकू दिखाकर धमकाया। इस दौरान उसका मोबाइल फोन छीनकर तोड़ दिया गया। इसके बाद शाम करीब 7 बजे महिला और उसके बच्चे को जबरन ऑटो में बैठाकर कुंबलगोडु स्थित एक घर ले जाया गया। शिकायत के मुताबिक, घर की पहली मंजिल रेशमा बानू की है।
4 दिन कमरे में रखा, डंडे से पीटने का आरोप
महिला ने आरोप लगाया कि कुंबलगोडु के घर में उसे एक कमरे में बंद कर दिया गया। वहां उसके साथ डंडे से मारपीट की गई और गाली-गलौज भी की गई। महिला का आरोप है कि 29 अगस्त को आरोपियों ने उसे कपड़े उतारने के लिए मजबूर किया और मोबाइल फोन से उसका वीडियो बना लिया। इसके बाद वीडियो को वायरल करने की धमकी देकर उससे पैसे मांगे गए। शिकायत के मुताबिक, सुहेल ने उसे यह धमकी भी दी कि पैसे वसूलने के लिए उसे जबरदस्ती देह व्यापार में धकेला जाएगा।
बेटे को नानी के घर भेजा, महिला को रखा बंधक
महिला ने बताया कि 29 अगस्त को उसके बड़े बेटे को उसकी मां के घर भेज दिया गया, लेकिन उसे वहीं बंधक बनाकर रखा गया। अगले दिन 30 अगस्त को आरोपी उसे सिटी मार्केट के पास एक वकील के पास ले गए, जहां उससे कुछ दस्तावेजों पर हस्ताक्षर करवाने का आरोप है। महिला के मुताबिक, 31 अगस्त की दोपहर रेशमा बानू उसे शौचालय जाने के लिए कमरे से बाहर लाई और खुद बाहर चली गई। इसी दौरान सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और महिला को मुक्त कराया। इसके बाद उसे चंद्रा लेआउट थाने ले जाया गया, जहां शिकायत दर्ज हुई।
मामले में 4 लोगों को बनाया गया आरोपी
इस मामले में पुलिस ने नजाथ बेगम (A1), रेशमा बानू (A2), सुहेल (A3) और सैफ (A4) को आरोपी बनाया है। केस में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 140(2), 127(3), 74, 76, 137(1), 118(1), 324(4), 352, 351(2), 351(3), 190 और आईटी एक्ट की धारा 66(E) लगाई गई हैं। पुलिस अब अलग-अलग एंगल से मामले की जांच कर रही है। हाल ही में एक खबर सामने आई थी कि कर्ज में डूबे प्रेमी ने की अपनी प्रेमिका की हत्या कर दी थी और 7 माह के बच्चे को भी पैसे के लिए बेच दिया था।
ये भी पढ़ें: ऑनलाइन गेम में हुआ 9 लाख रुपए का कर्ज तो किराएदार ने मकान मालिक के घर की चोरी, पुलिस ने दबोचा