Last Updated:
वैसे तो आप घेवर कई जगह खाए होंगे, लेकिन सावन में दिल्ली में यहां के घेवर की मांग अचानक बढ़ जाती है. 125 साल पुरानी दिल्ली के फतेहपुरी में चैना राम सिंधी हलवाई के यहां का घेवर सबसे ज्यादा मशहूर है. यहां का घेवर कुरकुरा और स्वादिष्ट होता है. आइये जानते हैं इसके बारे में.
सावन का महीना शुरू होते ही दिल्ली में घेवर की मांग तेजी से बढ़ जाती है. अगर आप भी इस मौसम में असली और स्वादिष्ट घेवर खाना चाहते हैं, तो पुरानी दिल्ली के फतेहपुरी इलाके में मौजूद चैना राम सिंधी हलवाई आपकी लिस्ट में जरूर होना चाहिए. यह दुकान 1901 से अपनी मिठाइयों और खास तौर पर घेवर के लिए लोगों के बीच काफी मशहूर है.
चैना राम का घेवर देखने में जितना खूबसूरत लगता है. स्वाद में उससे भी ज्यादा लाजवाब होता है. कुरकुरा घेवर, ऊपर से मोटी मलाई की परत और भरपूर ड्राई फ्रूट्स इसे खास बनाते हैं. हर बाइट में देसी घी की खुशबू और मिठास का ऐसा स्वाद मिलता है कि लोग हर साल यहां वापस लौट आते हैं. यही वजह है कि यह दुकान दिल्ली के सबसे पसंदीदा घेवर स्पॉट्स में गिनी जाती है.
दुकान पर आपको अलग-अलग वैरायटी के घेवर मिल जाएंगे. सादा घेवर, मलाई घेवर और ड्राई फ्रूट्स से सजा स्पेशल घेवर लोगों की पहली पसंद है. त्योहारों के दौरान खूबसूरत गिफ्ट पैकिंग भी की जाती है, जिससे लोग इसे अपने रिश्तेदारों और दोस्तों को भी भेजते हैं.
Add News18 as
Preferred Source on Google
अगर आप भी यहां से घेवर खरीदने का प्लान बना रहे हैं तो दुकान सुबह 9 बजे से शाम 7 बजे तक खुली रहती है. आधा किलो घेवर ₹460 और 1 किलो घेवर ₹920 का है. त्योहारों के दिनों में शाम तक काफी भीड़ हो जाती है, इसलिए कोशिश करें कि सुबह या दोपहर में ही पहुंचे.
दिल्ली की फतेहपुर मस्जिद के पास यह दुकान 1901 से लोगो के बीच मशहूर है. यहां का घेवर तो स्वादिष्ट है ही, साथ ही दूसरी मिठाइयां भी बहुत स्वादिष्ट हैं. खास बात यह है कि इनकी सभी मिठाइयां शुद्ध घी से बनती है. इसलिए अगर आप कभी चांदनी चौक या चावड़ी बाजार जाएं और घेवर खाने का मन हो, तो इस दुकान पर जरूर जाएं.