Poha Appe Recipe: आप रोज-रोज एक जैसा नाश्ता खाकर बोर हो चुके हैं और कुछ नया, टेस्टी और झटपट बनने वाला ऑप्शन ढूंढ रहे हैं, तो पोहे के अप्पे आपके लिए परफेक्ट रेसिपी हो सकती है. आमतौर पर लोग पोहे से पोहा, कटलेट या चिवड़ा बनाते हैं, लेकिन पोहे से बने अप्पे स्वाद में इतने शानदार लगते हैं कि बच्चे से लेकर बड़े तक हर कोई इन्हें पसंद करता है. खास बात ये है कि ये अप्पे बहुत कम तेल में तैयार हो जाते हैं, इसलिए हेल्थ का ध्यान रखने वाले लोग भी इसे बिना झिझक खा सकते हैं.
बाहर से हल्के क्रिस्पी और अंदर से नरम ये अप्पे सुबह के नाश्ते, बच्चों के टिफिन या शाम की चाय के साथ बेहतरीन लगते हैं, अगर घर में अचानक मेहमान आ जाएं, तब भी ये रेसिपी फटाफट बन जाती है. इसमें आप अपनी पसंद की सब्जियां डालकर इसे और ज्यादा हेल्दी बना सकते हैं. सबसे अच्छी बात ये है कि इसे बनाने में ज्यादा मेहनत नहीं लगती और कम सामान में शानदार स्वाद मिल जाता है.
2 कप पोहे से बनाएं स्वादिष्ट अप्पे
आजकल लोग हेल्दी और इंस्टेंट रेसिपी ज्यादा पसंद करते हैं. ऐसे में पोहे के अप्पे एक शानदार ऑप्शन बनकर सामने आते हैं. सूजी, दही और सब्जियों के साथ तैयार होने वाले ये अप्पे स्वाद के साथ पेट भी भर देते हैं, अगर आपके घर में बच्चे सब्जियां खाने में नखरे करते हैं, तो आप इस रेसिपी में उनकी पसंद की सब्जियां डालकर आसानी से खिला सकते हैं.
अप्पे बनाने के लिए जरूरी सामग्री
-पोहा -2 कप
-सूजी -½ कप
-दही -½ कप
-पानी -जरूरत के हिसाब से
-बारीक कटी सब्जियां -1 कप
-प्याज, गाजर, शिमला मिर्च, हरी मिर्च
-हरा धनिया -थोड़ा सा
-राई -1 छोटा चम्मच
-कढ़ी पत्ता -7 से 8
-ईनो या बेकिंग सोडा -½ छोटा चम्मच
-नमक -स्वाद के हिसाब से
-तेल -2 से 3 चम्मच
ऐसे तैयार करें पोहे का बैटर
सबसे पहले पोहे को अच्छी तरह धो लें. इसके बाद थोड़ा पानी छिड़ककर करीब 5 मिनट के लिए छोड़ दें ताकि पोहा नरम हो जाए. अब मिक्सी के जार में पोहा, सूजी, दही और थोड़ा पानी डालकर गाढ़ा बैटर तैयार कर लें. ध्यान रखें कि बैटर ज्यादा पतला न हो, वरना अप्पे सही नहीं बनेंगे. अब इस बैटर को एक बड़े बर्तन में निकाल लें. इसमें प्याज, गाजर, शिमला मिर्च, हरी मिर्च, हरा धनिया और नमक डालकर अच्छे से मिला लें.
तड़का देगा शानदार स्वाद
एक छोटे पैन में थोड़ा तेल गर्म करें. इसमें राई और कढ़ी पत्ता डालकर चटकाएं. अब इस तड़के को बैटर में मिला दें. इससे अप्पे का स्वाद और खुशबू दोनों बढ़ जाते हैं.
अप्पे को सॉफ्ट बनाने का आसान तरीका
जब अप्पे बनाने हों, तभी बैटर में ईनो या बेकिंग सोडा डालें. ऊपर से थोड़ा पानी डालकर हल्के हाथों से एक दिशा में मिलाएं. ऐसा करने से बैटर फूल जाएगा और अप्पे अंदर से बेहद सॉफ्ट बनेंगे.
ऐसे सेकें स्वादिष्ट अप्पे
अब अप्पे पैन गर्म करें और हर खाने में थोड़ा तेल लगाएं. चम्मच की मदद से बैटर भर दें. गैस की आंच धीमी से मध्यम रखें और पैन को ढक दें. करीब 2 से 3 मिनट बाद जब नीचे की तरफ सुनहरा रंग आ जाए, तो अप्पे पलट दें. दूसरी तरफ भी थोड़ा तेल लगाकर सुनहरा और क्रिस्पी होने तक सेक लें. गरमा-गरम पोहे के अप्पे नारियल की चटनी, टमाटर सॉस या हरी चटनी के साथ सर्व करें.
क्यों खास है ये रेसिपी
पोहे के अप्पे सिर्फ स्वादिष्ट ही नहीं बल्कि काफी हेल्दी भी होते हैं. इसमें कम तेल लगता है और सब्जियों की वजह से पोषण भी भरपूर मिलता है. जो लोग जल्दी बनने वाला नाश्ता चाहते हैं, उनके लिए ये रेसिपी एकदम बढ़िया है.