Crispy Poha Appe Recipe: सुबह के नाश्ते में हर दिन वही पुराना कांदा-पोहा या ब्रेड खाकर अगर आप भी बोर हो चुके हैं, तो अब कुछ नया ट्राई करने का समय आ गया है. इन दिनों सोशल मीडिया पर कुकिंग एक्सपर्ट पूनम देवनानी की एक खास रेसिपी काफी वायरल हो रही है, जिसमें सिर्फ 2 कप पोहे और थोड़ा सा बेसन इस्तेमाल करके बेहद स्वादिष्ट और क्रिस्पी अप्पे तैयार किए जाते हैं. इस रेसिपी की सबसे दिलचस्प बात यह है कि इसमें साधारण पोहे को बिल्कुल नए अंदाज में बनाया जाता है.
बाहर से कुरकुरे और अंदर से सॉफ्ट ये अप्पे आलू और पनीर की चटपटी स्टफिंग के साथ तैयार होते हैं. कम तेल में बनने की वजह से यह बच्चों से लेकर बड़ों तक सभी के लिए शानदार ऑप्शन बन जाता है, अगर आप भी झटपट बनने वाला टेस्टी और हेल्दी नाश्ता ढूंढ रहे हैं, तो यह रेसिपी जरूर ट्राई करें.
2 कप पोहे से ऐसे बनाएं स्वादिष्ट अप्पे
इस आसान रेसिपी को बनाने के लिए सबसे पहले 2 कप पोहा लें. पोहे को साफ पानी से अच्छी तरह धो लें और करीब 5 से 10 मिनट तक भिगोकर छोड़ दें ताकि वह नरम हो जाए. ध्यान रखें कि पोहा ज्यादा देर तक पानी में न रहे, वरना वह चिपचिपा हो सकता है. अब एक पैन में एक चम्मच तेल गर्म करें. इसमें राई, जीरा, सौंफ, साबुत धनिया और करी पत्ता डालकर चटकाएं. इसके बाद कद्दूकस किया हुआ अदरक और बारीक कटी हरी मिर्च डालकर हल्का भून लें. यह तड़का अप्पे के स्वाद को कई गुना बढ़ा देता है.
आलू और पनीर की मसालेदार स्टफिंग
अब इसी पैन में बारीक कटा प्याज डालें और हल्का गुलाबी होने तक पकाएं. इसके बाद नमक, कश्मीरी लाल मिर्च, हल्दी, धनिया पाउडर, जीरा पाउडर और थोड़ा आमचूर डालकर मसालों को अच्छे से भून लें. मसाले तैयार हो जाएं तो इसमें उबले और मैश किए हुए आलू डालें. अब इसमें थोड़ा बारीक कटा पनीर और हरा धनिया मिलाएं. यह स्टफिंग अप्पे को बेहद स्वादिष्ट और हल्का स्पाइसी फ्लेवर देती है. गैस बंद करके इस मिश्रण को ठंडा होने दें और छोटी-छोटी गोल बॉल्स बना लें.
बेसन और पोहे से तैयार होगा सॉफ्ट आटा
अब एक बड़े बाउल में भीगा हुआ पोहा लें. दूसरी तरफ एक कटोरी में बेसन और थोड़ा पानी मिलाकर गाढ़ा घोल तैयार करें. इस घोल को पोहे में डालें और स्वाद के मुताबिक नमक मिलाएं. अब हाथों से इसे अच्छी तरह मसलते हुए एक सॉफ्ट आटे की तरह गूंथ लें. बेसन यहां बाइंडिंग का काम करता है, जिससे अप्पे टूटते नहीं हैं और उनकी शेप भी शानदार बनती है, अगर मिश्रण ज्यादा गीला लगे तो थोड़ा बेसन और मिला सकते हैं.
ऐसे करें स्टफिंग और शेप तैयार
अब हाथों में थोड़ा तेल लगाएं और पोहे के आटे की छोटी लोई लें. इसे हल्का चपटा करें और बीच में आलू-पनीर की बॉल रखें. इसके बाद चारों तरफ से बंद करते हुए गोल आकार दे दें. इसी तरह सारे अप्पे तैयार कर लें. कोशिश करें कि सभी बॉल्स लगभग एक जैसी हों ताकि पकने में आसानी रहे.
एक्स्ट्रा क्रिस्पी बनाने की शानदार ट्रिक
अगर आप चाहते हैं कि अप्पे बाहर से बिल्कुल होटल जैसे कुरकुरे बनें, तो इसके लिए एक खास ट्रिक अपनाएं. एक प्लेट में थोड़ा सूखा बेसन लें और उसमें चुटकी भर नमक व लाल मिर्च मिला लें. अब तैयार अप्पे बॉल्स को इस सूखे मिश्रण में अच्छी तरह रोल करें. यह पतली कोटिंग अप्पे को जबरदस्त क्रंच देती है और स्वाद भी शानदार बनाती है.
अप्पे पैन में ऐसे करें तैयार
अब अप्पे मेकर या अप्पे पैन को गैस पर गर्म करें. सभी खानों में थोड़ा-थोड़ा तेल डालें. इसके बाद तैयार बॉल्स को अप्पे पैन में रखें और ढक्कन लगाकर धीमी से मध्यम आंच पर पकाएं. कुछ देर बाद इन्हें पलट दें और चारों तरफ थोड़ा तेल लगाते हुए गोल्डन ब्राउन होने तक सेकें. जब अप्पे बाहर से क्रिस्पी और अंदर से सॉफ्ट हो जाएं, तो इन्हें प्लेट में निकाल लें. इन्हें हरी चटनी, टमाटर सॉस या नारियल चटनी के साथ गर्मागर्म सर्व करें. यह रेसिपी बच्चों के टिफिन, शाम की चाय या हेल्दी ब्रेकफास्ट के लिए एकदम परफेक्ट है.