संसद के मानसून सत्र और कॉकरोच जनता पार्टी के सोमवार को प्रस्तावित ‘चलो संसद’ मार्च से पहले नई दिल्ली जिले में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। दिल्ली पुलिस ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 163 के तहत निषेधाज्ञा लागू कर दी है। इसके साथ ही नई दिल्ली के डीसीपी सचिन शर्मा ने बताया कि कॉकरोच जनता पार्टी के 20 जुलाई को होने वाले संसद मार्च को लेकर कोई अनुमति नहीं मांगी गई है और न ही अनुमति दी गई है। 

दिल्ली पुलिस ने लोगों से की खास अपील

उन्होंने कहा कि संसद का मानसून सत्र सोमवार से शुरू हो रहा है। उसको लेकर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाई गई है। साथ ही उन्होंने लोगों से अपील की है कि कोई कानून हाथ में न लें और कानून व्यवस्था को मेंटेन करने में  सहयोग करें।

दिल्ली पुलिस ने जारी की एडवाइजरी

पुलिस उपायुक्त (DCP) सचिन शर्मा ने रविवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक सार्वजनिक एडवाइजरी जारी की है। इसमें बताया, ‘दिल्ली पुलिस स्पष्ट करती है कि इस तरह के किसी भी विरोध मार्च या जुलूस के लिए न तो अनुमति मांगी गई है और न ही दी गई है। नई दिल्ली जिले में बीएनएसएस की धारा 163 के तहत निषेधाज्ञा लागू है।’

5 या उससे अधिक लोगों के इकट्ठे होने पर रोक

एक्स पर जारी एडवाइजरी में बताया गया, ‘इसके तहत जंतर-मंतर स्थित निर्धारित प्रदर्शन स्थल को छोड़कर, वह भी पूर्व अनुमति के साथ, विरोध मार्च, जुलूस, प्रदर्शन और 5 या उससे अधिक लोगों के एकत्र होने पर सख्त रोक है।’

शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग

मालूम हो कि कॉकरोच जनता पार्टी ने NEET परीक्षा में कथित अनियमितताओं के विरोध और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर मार्च का आह्वान किया था। इसके बाद दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की गई है। 

खबर अपडेट हो रही है…





Source link

Write A Comment