Last Updated:
ऐपल आज अपनी नई आईफोन सीरीज लॉन्च करने जा रही है. इस लॉन्च इवेंट से पहले कंपनी के ऑनलाइन स्टोर को ऑफलाइन कर दिया गया है. इसी बीच ऐपल के पहले फोल्डेबल फोन को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है. रिपोर्ट के मुताबिक, इसका नाम आईफोन अल्ट्रा नहीं बल्कि आईफोन डुओ हो सकता है और इसकी शुरुआती कीमत करीब 2,000 डॉलर रहने की उम्मीद है.
इस फोन की कीमत 2000 डॉलर रह सकती है. (एआई जेनरेटेड फोटो)
नई दिल्ली. ऐपल के पहले फोल्डेबल आईफोन को लेकर लंबे समय से अलग-अलग दावे सामने आते रहे हैं. अब लॉन्च से ठीक पहले आई एक रिपोर्ट में फोन के नाम और कीमत से जुड़ी अहम जानकारी सामने आई है. ब्लूमबर्ग के मार्क गुरमन के मुताबिक, कंपनी अपने फोल्डेबल फोन को आईफोन डुओ नाम दे सकती है. इससे पहले इसके आईफोन अल्ट्रा नाम से आने की चर्चा थी.
ऐपल ने 9 सितंबर को नई आईफोन सीरीज लॉन्च करने से पहले अपना ऑनलाइन स्टोर ऑफलाइन कर दिया है. आमतौर पर नए प्रोडक्ट लॉन्च से पहले कंपनी अपने स्टोर को अपडेट करने के लिए कुछ समय के लिए बंद करती है. ऐसे में यूजर्स को इस बार भी कंपनी की ओर से बड़े प्रोडक्ट ऐलान की उम्मीद है.
2,000 डॉलर से शुरू हो सकती है कीमत
रिपोर्ट के मुताबिक, आईफोन डुओ की शुरुआती कीमत 2,000 डॉलर (1,90,181 रुपये) हो सकती है. इसमें 256 जीबी स्टोरेज मिलने की उम्मीद है. इसके टॉप वेरिएंट की कीमत 3,000 डॉलर (2,85,272 रुपये) तक जा सकती है. आईफोन डुओ के लॉन्च के साथ ही बिक्री शुरू होने की उम्मीद नहीं है. रिपोर्ट के मुताबिक, फोन की बिक्री अक्टूबर से शुरू हो सकती है. हालांकि, यह अक्टूबर के बाद भी आगे खिसक सकती है.
2 कलर में आ सकता है फोन
फोल्डेबल आईफोन को वाइट और डार्क ब्लू कलर में लॉन्च किए जाने की उम्मीद है. इसके अलावा फोन में ऐपल पेंसिल सपोर्ट मिलने की भी रिपोर्ट है. पहले इस फीचर को लेकर अलग-अलग दावे सामने आए थे. यह ऐपल के नए सीईओ जॉन टर्नस के लिए पहला बड़ा आईफोन लॉन्च इवेंट होगा. उन्होंने टिम कुक के सीईओ पद से हटने के बाद कंपनी की कमान संभाली है. ऐसे में इस इवेंट पर नए आईफोन के साथ कंपनी के फोल्डेबल फोन को लेकर भी खास नजर रहेगी.
About the Author
मैं जय ठाकुर, न्यूज18 हिंदी में सीनियर सब-एडिटर के तौर पर अपनी सेवाएं दे रहा हूं. मेरा मुख्य काम बिजनेस की पेचीदा खबरों को आसान भाषा में लोगों तक पहुंचाना है. फिर चाहे वह शेयर बाजार की हलचल हो,…
और पढ़ें