ऐपल के 9 सितंबर को होने वाले लॉन्च इवेंट से कुछ घंटे पहले कंपनी की वेबसाइट पर ऐपल Watch SE 3 अचानक unavailable हो गया है. अमेरिका समेत कुछ अन्य देशों में ऐपल के ऑनलाइन स्टोर पर ऐपल Watch SE 3 के लगभग सभी कॉन्फिगरेशन की उपलब्धता खत्म दिखाई दे रही है. इस अचानक बदलाव ने अटकलों को हवा दे दी है कि कंपनी आज के इवेंट में नया ऐपल Watch SE 4 लॉन्च कर सकती है.
हालांकि, ऐपल की SE सीरीज के पुराने लॉन्च पैटर्न को देखें तो ऐसा होना थोड़ा हैरान करने वाला होगा. कंपनी ने अब तक इस सीरीज में लगातार दो साल नए मॉडल लॉन्च नहीं किए हैं.
ऐपल Watch SE 3 अचानक हुआ unavailable
ऐपल Watch SE 3 के कई वेरिएंट ऐपल के ऑनलाइन स्टोर पर फिलहाल ‘Unavailable’ दिख रहे हैं. ये स्थिति अमेरिका के अलावा कुछ दूसरे मार्केट्स में भी देखी गई है. हालांकि, ऐपल ने अभी तक यह नहीं बताया है कि स्टॉक उपलब्ध क्यों नहीं है.
इसकी टाइमिंग जरूर काफी दिलचस्प है. ऐपल आज 9 सितंबर को अपना बड़ा लॉन्च इवेंट आयोजित कर रहा है, जिसमें नए आईफोन मॉडल्स के साथ ऐपल वॉच से जुड़े नए प्रोडक्ट्स भी पेश किए जाने की उम्मीद है. भारत में यह इवेंट रात करीब 10:30 बजे शुरू होगा.
क्या ऐपल Watch SE 4 की होगी एंट्री?
SE 3 के अचानक स्टॉक से बाहर होने के बाद सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या ऐपल आज ऐपल Watch SE 4 पेश करने वाला है. हालांकि, कंपनी के पिछले लॉन्च पैटर्न को देखते हुए इसकी संभावना फिलहाल कम लगती है.
पहली ऐपल Watch SE सितंबर 2020 में लॉन्च हुई थी. इसके बाद ऐपल ने सितंबर 2022 में ऐपल Watch SE 2 पेश की और फिर सितंबर 2025 में ऐपल Watch SE 3 आई. यानी कंपनी ने इस लाइन में हर बार करीब दो से तीन साल का अंतर रखा है.
ऐसे में SE 4 का सिर्फ एक साल बाद लॉन्च होना ऐपल की अब तक की रणनीति से अलग होगा. रिपोर्ट्स में भी इवेंट से पहले ऐपल Watch SE 4 के लॉन्च की उम्मीद नहीं जताई गई थी.
असली वजह क्या है?
फिलहाल ऐपल Watch SE 3 के unavailable होने की वजह साफ नहीं है. यह सिर्फ स्टॉक या ऑनलाइन स्टोर से जुड़ी कोई अस्थायी समस्या भी हो सकती है. दूसरी तरफ, ऐपल अगर आज कोई सरप्राइज अनाउंसमेंट करता है तो SE 4 की एंट्री भी संभव है.
अब इसकी तस्वीर ऐपल के आज रात होने वाले इवेंट के दौरान ही साफ होगी. अगर SE 4 पेश होता है, तो यह ऐपल Watch SE लाइन के लिए कंपनी के सामान्य लॉन्च पैटर्न में बड़ा बदलाव माना जाएगा.