Last Updated:
दिल्ली के कनॉट प्लेस में साल 2010 से बिहार का स्वाद परोसा जा रहा है. इस लिट्टी-चोखा स्टॉल के नेता से लेकर अभिनेता तक दीवाने हैं. यहाँ पारंपरिक तरीके से बनी घी वाली लिट्टी मिलती है. यहाँ रोजाना 150 प्लेट की खपत होती है. एक प्लेट की कीमत 50 रुपये है.
दिल्ली में अगर आपको बिहार का असली स्वाद चखना है, तो कनॉट प्लेस का यह लिट्टी-चोखा स्टॉल आपकी लिस्ट में जरूर होना चाहिए. रोज़ यहां लोगों की भीड़ लगी रहती है. कोई ऑफिस से लौटते हुए रुकता है तो कोई सिर्फ इस लिट्टी-चोखा का स्वाद लेने के लिए दूर-दूर से पहुंचता है. छोटे से स्टॉल ने अपने स्वाद के दम पर बड़ी पहचान बना ली है.
यहां लिट्टी किसी मशीन से नहीं, बल्कि पारंपरिक तरीके से बनाई जाती है. आटे में सत्तू, मसाले और सरसों के तेल की स्टफिंग भरकर उसे धीमी आंच पर सेंका जाता है. फिर गर्मागर्म लिट्टी को देसी घी में डुबोकर परोसा जाता है. जैसे ही लिट्टी तैयार होती है, उसकी खुशबू लोगों को अपनी ओर खींच लेती है.
लिट्टी के साथ बैंगन, आलू और टमाटर का चोखा, हरी मिर्च, प्याज और नींबू दिया जाता है. हर निवाला बिल्कुल घर जैसा स्वाद देता है. यही वजह है कि जो लोग एक बार यहां खाते हैं, वे दोबारा जरूर लौटकर आते हैं.
Add News18 as
Preferred Source on Google
यह स्टॉल सिर्फ आम लोगों का ठिकाना नहीं है. बल्कि यहां बड़े-बड़े नाम भी आ चुके हैं. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, अभिनेता आमिर खान और सांसद मनोज तिवारी जैसे लोग भी यहां के लिट्टी-चोखा का स्वाद ले चुके हैं. साथ ही स्वाद की तारीफ कर चुके हैं.
स्टॉल के संचालक रॉकी ने बताया कि एक प्लेट लिट्टी-चोखा की कीमत 50 रुपये हैं. वह रोजाना के 150 प्लेट लिट्टी चोखा की बेच देते हैं और आराम से 5000 से 6000 तक दिन की आमदनी हो जाती है. पटना स्पेशल लिट्टी चोखे से फेमस यह स्टॉल सुबह 10:00 बजे से लेकर रात के 10:00 बजे तक खुली रहती है.